शराब पीकर शख्स ने एक्ट्रेस को पहले छुआ और फिर की बदसलूकी, एयरहोस्टेस को बताने के बाद भी नहीं लिया गया एक्शन!

बदतमीजी का शिकार कोई भी हो सकता है और हाल के एक मामले ने तो लोगों को हैरान ही कर दिया। मलयालम अभिनेत्री दिव्या प्रभा ने कोच्चि जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में एक पुरुष यात्री पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना कथित तौर पर मंगलवार को मुंबई से उड़ान के दौरान हुई।
मंगलवार रात को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि साथ वाला यात्री "नशे में था और उपद्रव कर रहा था"। एक इंस्टाग्राम पोस्ट में "परेशान करने वाली घटना" का विवरण देते हुए, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एयरलाइन के ग्राउंड ऑफिस और फ्लाइट क्रू की प्रतिक्रिया "निराशाजनक" थी।
एक्ट्रेस ने अफसोस जताते हुए कहा कि एयर होस्टेस को रिपोर्ट करने के बावजूद, उड़ान भरने से ठीक पहले उसे दूसरी सीट पर ट्रांसफर करने की एकमात्र कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि यहां हवाईअड्डे पर उतरने के बाद, इस मुद्दे की सूचना हवाईअड्डे और एयरलाइन अधिकारियों को दी गई, जिन्होंने उन्हें वहां पुलिस हेल्प चौकी पर भेज दिया।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पेज पर इस संबंध में ईमेल के माध्यम से स्थानीय पुलिस के पास दर्ज शिकायत की एक कॉपी भी शेयर की। उन्होंने बताया कि कैसे नशे में धुत यात्री ने उसकी सीट पर कब्जा कर लिया था और तीखी बहस में लग गया था। एक्ट्रेस ने उस शख्स पर "अनुचित शारीरिक संपर्क के साथ दुर्व्यवहार करने" का भी आरोप लगाया।
दिव्या ने कहा, "मैंने तुरंत फ्लाइट में एयर होस्टेस को मामले की सूचना दी। हालांकि, एकमात्र कार्रवाई मुझे तीन, चार लाइन आगे की मिडिल सीट पर ट्रांसफर करने के रूप में की गई। दुर्भाग्य से, उत्पीड़न करने वाले के खिलाफ कोई उपाय नहीं किया गया।"
इस बीच, नेदुम्बस्सेरी पुलिस ने बुधवार को कहा कि उन्हें उसकी ओर से एक ईमेल मिला है जिसमें इसे उसकी औपचारिक शिकायत मानने का अनुरोध किया गया है। एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, "हम मामले की जांच कर रहे हैं। हम घटना के संबंध में अधिक जानकारी जुटाने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, हमें अभी तक उनसे फोन नहीं मिला है।" दिव्या प्रभा ने बुधवार दोपहर अपने इंस्टाग्राम पर अपडेट शेयर किया। उन्होंने एक पोस्ट डाला जिसमें लिखा था, "मुझे मिले सभी समर्थन के लिए मैं अपना आभार व्यक्त करना चाहती हूं। मैं आपको सूचित करना चाहती हूं कि मैंने इस मुद्दे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।"


Click it and Unblock the Notifications