मलाईका अरोड़ा की कार का एक्सीडेंट, रात भर अस्पताल में भर्ती, सर पर आई चोट, लगाए गए टांके
मलाईका अरोड़ा के फैन्स कल रात उस समय घबरा गए जब एक्ट्रेस के एक्सीडेंट की खबर तेज़ी से फैलने लगी। खबरें थीं कि मलाईका की कार का एक हाईवे पर एक्सीडेंट हो गया जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया है। मलाईका अरोड़ा के सर पर गहरी चोट लगने की भी खबर थी।
लेकिन फिलहाल मलाईका अरोड़ा घर आ चुकी हैं और अब आराम कर रही हैं। एक्सीडेंट और चोट दोनों की ही खबरें सही थीं लेकिन मलाईका को ज़्यादा गहरी चोटें नहीं आई हैं और वो इस एक्सीडेंट से बाल बाल बच गई हैं।

मलाईका की तबीयत में सुधार है और इस बात की पुष्टि उनकी बहन अमृता अरोड़ा ने इंटरटेनमेंट टाईम्स को की है। वहीं मलाईका की एक दोस्त ने पुष्टि की है कि उनके सर पर कई टांके लगे हैं।

मुंबई पुणे एक्सप्रेस वे पर एक्सीडेंट
खोपोली पुलिस स्टेशन के एक ऑफिसर ने इस एक्सीडेंट को कंफर्म करते हुए बताया कि मलाईका की गाड़ी का एक्सीडेंट मुंबई पुणे एक्सप्रेस वे के 38 किलोमीटर पॉइंट पर हुआ। तीन गाड़ियां एक दूसरे से भिड़ गईं और तीनों गाड़ियों को काफी नुकसान हुआ। इनमें से एक गाड़ी थी मलाईका अरोड़ा की रेंज रोवर।

निकल गए बाकी दो ड्राईवर
पुलिस ने बताया कि चूंकि बाकी दो गाड़ियों के ड्राईवर तुरंत ही मौके से निकल गए इसलिए ये बता पाना मुश्किल है कि उन गाड़ियों में कितने लोग थे और किसको कितनी चोट आई। चूंकि मलाईका के सिर पर चोट थी इसलिए उन्हें तुरंत अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

अमृता ने दी जानकारी
अमृता अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि रात भर मलाईका अस्पताल में थीं और डॉक्टर्स उनका ध्यान रख रहे थे। अब उनकी हालत में सुधार हैं। उनका सीटी स्कैन और बाकी टेस्ट भी करवाए गए जिनकी रिपोर्ट्स नॉर्मल हैं। इसलिए अब मलाईका घर आ चुकी हैं और आराम कर रही हैं।

पुणे टाइम्स फैशन वीक से लौट रही थीं
गौरतलब है कि मलाईका अरोड़ा, पुणे टाइम्स फैशन वीक में रैंप वॉक करने पहुंची थीं और अपना ये असाईनमेंट पूरा कर वो मुंबई वापस लौट रही थीं। यहीं रास्ते में उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। हालांकि, मलाईका को ज़्यादा चोट नहीं आई और वो बाल बाल बच गईं।

जल्दी सेट पर लौटेंगी
फिलहाल मलाईका अरोड़ा के सर पर टांके लगे हैं और वो आराम कर रही हैं लेकिन उम्मीद की जा रही है कि वो जल्दी ही स्वस्थ होकर सेट पर लौटेंगी।


Click it and Unblock the Notifications











