एनडी स्टूडियो में लगी भीषण आग, जलकर खाक हुआ ऋतिक- ऐश्वर्या की फिल्म 'जोधा अकबर' का सेट
महाराष्ट्र में कर्जत में बने एनडी स्टूडियो में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। इस फिल्म स्टूडियो का निर्माण हिंदी सिनेमा के जाने-माने आर्ट डायरेक्टर नितिन चंद्रकांत देसाई ने किया है। बता दें, आग में किसी की जान हताहत होने की खबर नहीं आई है, लेकिन आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'जोधा अकबर' के सेट का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका है।
पुलिस अधिकारियों के हवाले से पीटीआई ने बताया कि स्टूडियो में लगभग 12 बजे के आस-पास भीषण आग लगी थी। मौके पर दमकल की पांच गाड़ियां आग बुझाने के लिए पहुंची थीं। करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आसार हैं कि आग से कम से कम 20 से 30 लाख का नुकसान हुआ है।

आग लगने की घटना के बारे में नितिन देसाई ने एनबीटी से कहा, "जोधा अकबर के सेट के पीछे के स्टूडियो की दीवार रेलवे से छूती है और वहां पर आग जलाई गई। हवा के कारण सेट की दीवार में आग लग गई और सब जलकर खाक हो गया। इसमें वित्तीय नुकसान की बात नहीं क्योंकि इससे इमोशनल लगाव है। यह स्टूडियो करीब 266 लोगों को रोजगार देता है और यह मेरी जिंदगी है।"
बता दें, नितिन देसाई ने अपने इस स्टूडियो की नींव 2005 में रखी थी। लगभग 50 एकड़ में फैले इस विशाल स्टूडियो में ऐतिहासिक और पीरियड फ़िल्मों के लिए सेट निर्माण के लिए जगह उपलब्ध है।
साल 2007 में आशुतोष गोवारिकर की फिल्म जोधा अकबर के लिए यहां एक विशाल बनवाया गया था। फिल्म के बाद इसमें एकता कपूर के टीवी सीरियल जोधा आकर की शूटिंग भी 2013 से 2014 के बीच हुई थी। स्टूडियो का जलना इंडस्ट्री के लिए जाहिर तौर पर बड़ा नुकसान है। एनडी स्टूडियो एक बड़ा पर्यटक आकर्षण स्थल भी है। इस समय वह लॉकडाउन के चलते कई महीनों से बंद है।


Click it and Unblock the Notifications












