'अजय देवगन के करियर की लैंडमार्क फिल्म होगी मैदान, उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया है'- बोनी कपूर
बोनी कपूर के निर्माण में बनी अजय देवगन स्टारर फिल्म 'मैदान' 3 जून को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। कोविड की वजह से कई बार टलते टलते अब आखिरकार फिल्म पूरी हो पाई है। निर्माता इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने मैदान पर खुलकर बातें कीं और कहा कि यह अजय देवगन के करियर की लैंडमार्क फिल्म साबित होगी।
अमित शर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अजय देवगन प्रसिद्ध फुटबॉल कोच सयैद अब्दुल रहीम का किरदार निभा रहे हैं। पिंकविला को दिए इंटरव्यू में निर्माता बोनी कपूर ने कहा, "मेरे हिसाब से इस फिल्म में अजय देवगन ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया है।"

निर्माता ने कहा, "मैंने 70 से 80 प्रतिशत फिल्म देखी है और मुझे बेहतरीन लगी। जबकि बता दूं मैंने अभी तक फिल्म का मुख्य हिस्सा नहीं देखा है, जो कि मैच हैं। क्योंकि वो पार्ट हाल ही में शूट किया था। मुझे लगता है, यह अजय देवगन के करियर की एक ऐतिहासिक फिल्म होगी। अमित शर्मा ने भी तेवर से बधाई हो और अब मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।"

स्क्रीनप्ले में कई सरप्राइज हैं
बोनी कपूर ने बताया कि 'मैदान' 1950 से 1965 तक अनकही कहानियों से भरा हुआ है। उन्होंने कहा, "मैदान के बारे में अच्छी बात यह है कि आज की पीढ़ी को यह नहीं पता है कि भारतीय फुटबॉल ने उन वर्षों में क्या हासिल किया है। स्क्रीनप्ले में कई सरप्राइज हैं। और हमारी फिल्म सिर्फ फुटबॉल से भरी नहीं होगी.. इसमें खिलाड़ियों और परिवारों को शामिल करने वाली बहुत सारी भावनाएं हैं।""

राष्ट्रीय पुरस्कार के हकदार हैं
वहीं, अजय देवगन के बारे में बात करते हुए फिल्म के निर्देशक अमित शर्मा ने भी कुछ समय पहले दिल खोलकर तारीफ की थी और कहा, "अजय सर ने जो समर्पण का स्तर दिखाया है, वह लोगों को जरूर दिखेगा। उन्होंने ना केवल एक फुटबॉलर के तौर पर खुद को तैयार किया, बल्कि वह पूरी प्रोजेक्ट के दौरान लगातार जुड़े रहे। मैदान अजय सर के बिना नहीं बन सकती थी। मुझे लगता है कि वह एक और राष्ट्रीय पुरस्कार के हकदार हैं।"

ऐसे फुटबॉलर, जो अभिनय भी कर सकें
मैदान पर बात करते हुए निर्देशक अमित शर्मा ने कहा था- "इस फिल्म के लिए हमें ऐसे फुटबॉलर ढूंढने थे, जो अभिनय भी कर सकें.. ना कि ऐसे एक्टर, जो फुटबॉल खेलने का नाटक कर सकें। मुझे लगता है जो मैंने चाहा था, मुझे वैसे खिलाड़ी मिले।"
Recommended Video

पांच भाषाओं में होगी रिलीज
इस फिल्म में अजय देवगन सैयद अब्दुल रहीम की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और बंगाली में रिलीज़ हो रही है। फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं 'बधाई हो' फेम अमित रविंदरनाथ शर्मा और इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं ज़ी स्टूडियो और बोनी कपूर।

फुटबॉल का स्वर्ण काल
फिल्म में भारतीय फुटबॉल का स्वर्ण काल (The Golden Era of Indian Football) दिखाया जाएगा। सैयद अब्दुल रहीम, भारत के सबसे बड़े फुटबॉल कोच में से एक माने जाते हैं, जिन्होंने 1952 से 1962 तक राज किया।
सैयद पेशे से टीचर थे। उनमें लोगों को प्रोत्साहित करने की खूबी थी। इसी का फायदा उन्हें मिला और 1943 में उन्हें हैदराबाद सिटी पुलिस की फुटबॅाल टीम के साथ बतौर कोच रखा गया। उनके आने के बाद हैदराबाद टीम ने कई बार कप जीता। कई बार फाइनल में भी पहुंची।

एशियन गेम्स में दिखा कमाल
कैंसर होने के बाद भी देश और खेल के प्रति उन्होंने अपना जोश हमेशा कायम रखा। 1962 में एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए उन्होंने फिर से अपनी टीम का गठन किया। भारतीय टीम ने सैयद के नेतृत्व में खुद को फाइनल तक पहुंचाया।


Click it and Unblock the Notifications











