मैं उतनी बिंदास नहीं जितने मेरे कैरेक्टर्स हैं- माही गिल
बॉलीवुड में अपने बिंदास और हॉट कैरेक्टर्स को लेकर चर्चा में बनी रहने वाली अदाकार माही गिल का कहना है कि वो अपने वास्तिविक जीवन में इतनी बिंदास नहीं हैं जितने फिल्मों में उनके किरदार होते हैं। माही गिल का कहना है कि उन्हें ऐसे किरदार करना पसंद है जिनका उनके खुद के व्यवहार से कोई लिंक ही ना हो। यानि अपने व्यक्तित्व से अलग किरदार करना माही को बेहद पसंद है। माही गिल को ऐसे किरदार बहुत चुनौतीपूर्ण लगते हैं। ये बात माही गिल ने हाल ही में अपनी फिल्म साहेब बीवी और गैंगस्टर रिटर्न्स के प्रमोशन के दौरान कही।
माही गिल कुछ दिनों पहले ही अपनी आने वाली फिल्म 'साहेब बीवी और गैंगस्टर रिटर्न्स' के प्रमोशन के लिए नौटंकी कॉमेडी थियेटर टीवी शो पर गयीं। माही गिल के साथ जिमी शेरगिल भी थे। माही ने शो के दौरान कहा "मैं वास्तविक जीवन में उतनी बिंदास नहीं हूं लेकिन अपने व्यक्तित्व से उलट किरदार करना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे ऐसी भूमिकाएं मिलती हैं।" माही गिल की आने वाली फिल्म साहेब बीवी और गैंगस्टर रिटर्न्स, 2011 में रिलीज हुई फिल्म साहेब बीवी और गैंगस्टर का सीक्वल है। दोनों फिल्मों में माही ने मजबूत और बहुत बिंदास कैरेक्टर निभाए हैं।
साहेब बीवी और गैंगस्टर रिटर्न्स में माही गिल के साथ इरफान खान और सोहा अली खान भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में माही ने एक बहुत ही लालची और सत्ता की भूखी राजनीतिज्ञ का किरदार निभाया है जो कि दिन रात शराब पीती है और लोगों से अपना काम निकलवाने के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार रहती है। माही ने अपने करियर की शुरुआत देव डी में एक बहुत ही बोल्ड किरदार के साथ की थी। उसके बाद उन्होंने गुलाल, नॉट ए लव स्टोरी और साहेब बीवी और गैंगस्टर रिटर्न्स फिल्मों में भी बोल्ड किरदार किये।


Click it and Unblock the Notifications












