फाइरिंग के बाद Salman Khan के घर पहुंचे CM शिंदे, बाहर आते ही दिया चौंकाने वाला बयान, कहा- 'गुंडागर्दी नहीं..'

Eknath Shinde met Salman Khan: मुंबई के बांद्रा इलाके में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी के कुछ दिनों बाद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज दोपहर बॉलीवुड सुपरस्टार से उनके घर पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने खान और उनके परिवार को उनकी सुरक्षा का आश्वासन दिया और उन्हें बताया कि उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सीएम शिंदे ने गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर संवाददाताओं से कहा, 'मैंने सलमान खान से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ है। मैंने पुलिस टीम को इस पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया और उसी क्रम में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है...मैंने पुलिस कमिश्नर को सलमान खान और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने का भी निर्देश दिया है...सुरक्षा को लेकर मुंबई पुलिस को निर्देश दे दिए गए हैं ... अपने लोगों की देखभाल करना हमारा कर्तव्य है।'
एकनाथ शिंदे ने आगे कहा- 'यह महाराष्ट्र है, यहां कोई गैंग नहीं बचा है... चाहे वह लॉरेंस बिश्नोई हो या कोई और, हम उसे खत्म कर देंगे। महाराष्ट्र में किसी की बदमाशी नहीं चलेगी...हम सभी गैंग और गुंडों को उखाड़ फेंकेंगे... यहां गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी... अगर इसमें कोई गैंग शामिल पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा... गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है सख्त कार्रवाई की जाएगी... पिछली सरकार में क्या हुआ, इस पर मैं कमेंट नहीं करना चाहता, लेकिन हम उन सभी गिरोहों और गुंडों को उखाड़ फेंकेंगे जो राज्य के किसी भी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे।'
एकनाथ शिंदे की सलमान खान की मीटिंग के दौरान एक्टर के पिता सलीम खान, पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी, विधायक जीशान सिद्दीकी और युवा सेना के राहुल कनाल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री के आने से पहले एक्टर के घर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी।
आपको बता दें, रविवार को, दो लोगों ने गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर, जहां एक्टर रहते हैं, सुबह लगभग 5 बजे चार राउंड फायरिंग की और मौके से भाग गए। इस मामले मे दो लोगों को सोमवार रात गुजरात के कच्छ जिले से गिरफ्तार किया गया और उनकी पहचान विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) के रूप में की गई है।
दोनों को मंगलवार को यहां एक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने एक स्थानीय अदालत को बताया कि गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों ने "उन्हें मारने की कोशिश में" खान के घर के बाहर गोलीबारी की। पुलिस ने इस आधार पर 14 दिनों के लिए उनकी हिरासत की मांग की कि साजिश का पता लगाने और घटना के पीछे के मास्टरमाइंड की पहचान करने के लिए हिरासत में पूछताछ की जरूरत है।


Click it and Unblock the Notifications











