'मैडोना और उनके पति का तलाक़'

दोनों पिछले आठ वर्षों से शादी-शुदा हैं. सन अख़बार ने लिखा है कि मैडोना और गाय रिची जल्द ही तलाक़ की घोषणा करेंगे. लेकिन बीबीसी इस ख़बर की पुष्टि नही कर पाया है.
पिछले कुछ महीनों से इस तरह की अटकलें लग रही हैं कि दोनों के रिश्ते अच्छे नहीं चल रहे हैं.
जुलाई में मैडोना की पब्लिसिस्ट ने दोनों के बीच तलाक़ की बात से इनकार किया था. पिछले महीने ही गाय रिची के निर्देशन में बनी फ़िल्म रॉक एंड रोल रिलीज़ हुई थी. फ़िल्म के प्रीमियर में मैडोना और उनके पति साथ-साथ नज़र आए थे.
लंदन के लेस्टर सक्वेयर पर दोनों ने एक साथ फ़ोटो खिंचवाई थी.
अगस्त में मैडोना का 50वां जन्मदिन था और इस मौके पर गाय रिची ने शादी के टूटने की ख़बरों का खंडन किया था.
जुलाई में एक अमरीकी पत्रिका को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, "जहाँ तक मुझे पता है मेरी शादी सलामत है. "
मैडोना इनदिनों न्यूयॉर्क में टूर पर हैं.
दोनों ने स्कॉटलैंड में दिसंबर 2000 में शादी की थी और उनके दो बेटे हैं- सात वर्षीय रोको और डेविड बांदा जिसे मलावी से गोद लिया गया था.इसके अलावा अपने पहले रिश्ते से मैडोना की एक बेटी भी है.
मैडोना की प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि अमरीका में दिन शुरू होने से पहले कोई टिप्पणी नहीं दी जाएगी.


Click it and Unblock the Notifications