..................... Madhubala's story in her sister's words | 'काश मधुबाला को लंबी उम्र मिली होती' - Hindi Filmibeat

'काश मधुबाला को लंबी उम्र मिली होती'

By Staff

महान अदाकारा और हिंदी सिनेमा की सबसे ख़ूबसूरत मानी जाने वाली अभिनेत्री मधुबाला के जीवन के अंतरंग पहलुओं पर उनकी बहन से ख़ास बातचीत.

उनकी बहन मधुर का सारा बचपन बड़ी बहन मधुबाला के साथ गुज़रा था. मधुबाला के जीवन के कई अनछुए पहलुओं पर रोशनी डाल रही हैं साजिदा मधुर. उनसे बातचीत की है सूफ़िया शानी ने.

रंगीन मुग़ले आज़म देखकर कैसा लगा आपको?

ज़ाहिर है, बेहद ख़ुशी है. मुझे और फख़्र होता है कि इतने सालों बाद, आज भी मधुबाला करोड़ों लोगों के दिलो दिमाग़ पर छाई हुई है.

यह सोच कर उन्हें कैसा लगता था कि मुग़ले आज़म की अनारकली, एक अमर किरदार बनने जा रही है या यह कि वह एक ऐतिहासिक़ फिल्म का हिस्सा बनने जा रही हैं. इस बारे में उन्होंने आपसे कभी कोई बातचीत की थी?

मुग़ले आज़म तो वह देख ही नहीं पाईं. इस अज़ीम फिल्म से मिली शोहरत का ज़ायका़ वह ले ही नहीं पाईं. हाँ, शूटिंग के दौरान अपने सीन और डांस का वह ज़िक्र करती रहती थीं. फिल्म में वह अपने काम से ख़ुश लगती थीं.हालाँकि तब से ही वह बीमार रहने लगीं थी. उनकी वजह से कई बार शूटिंग रोकनी पड़ती थी. वह दिलीप साहब, पृथ्वी राज कपूर और फि़ल्म के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर के. आसिफ के काम से काफी प्रभावित लगती थीं.

मुग़ले आज़म की कामयाबी ने मधुबाला को पहली क़तार के अदाकारों में ला खड़ा किया, अनारकली के रूप में मधुबाला को देखकर आपको कैसा लगा था?

खूबसूरत तो वह थीं हीं लेकिन अपनी खूबसूरत अदाकारी से उन्होंने अनाकरली के किरदार में सचमुच जान डाल दी, जो न सिर्फ़ उनके लिए बल्कि उनके अपनों के लिए भी फख़्र की बात रही. आज भी जब मुग़ले आज़म देखती हूँ वह पहले से ज़्यादा नई और ख़ूबसूरत लगती है. अफ़सोस यही है कि क़िसमत ने उन्हें सब कुछ दिया, बस लंबी उम्र नहीं दी.

सुना है दिलीप कुमार, मधुबाला से शादी करना चाहते थे, फिर वह शादी क्यों नहीं हो पाई?

दरअसल बीआर चोपड़ा की फिल्म 'नया दौर' की आउटडोर शूटिंग के सिलसिले में कोई केस हो गया था. और यह लड़ाई अब्बा और बीआर चोपड़ा के बीच थी. लेकिन यूसुफ साहब और अब्बा में तल्ख़ी हो गई.

जबकि बात इतनी बड़ी भी नहीं थी. मधु आपा ने दोनों के बीच सुलह करवाने के लिए यूसुफ साहब से कहा भी, "आप छोटे हैं अब्बा से आप माफ़ी माँग लीजिए. यूसुफ साहब ने माफ़ी माँगने से मना कर दिया. इस पर मधु आपा ने शादी करने से मना कर दिया, इसीलिए न तो उन्होंने नया दौर में काम किया और न ही दिलीप साहब से शादी की.

किशोर कुमार से शादी के फैसले को घर वालों ने किस तरह लिया था?

हालाँकि अब्बा ग़ुस्से के तेज़ थे लेकिन उन्होंने इस शादी में कोई अड़चन नहीं डाली. मधु आपा बीमार थीं इसीलिए उनकी सलाह थी कि पहले लंदन जाकर डॉक्टर से चेकअप करवा लो फि़र शादी कर लेना. लेकिन किशोर भाई को ज़िद थी कि पहले शादी करेंगे. इस तरह 1960 में दोनों ने शादी की फिर लंदन गए.

क्या मधुबाला की मुस्कुराहट आपको किसी और अदाकारा में दिखाई पड़ती है?

किसी में भी नहीं, उनकी मुस्कुराहट तो बस उनके साथ ही चली गई.

हर कलाकार किसी न किसी कलाकार से प्रभावित होता है. मधुबाला किससे प्रभावित थीं?

हिंदी फिल्मों में, उस ज़माने में निम्मी, सुरैया और गीताबाली जैसी अदाकाराएं थीं, जो किसी से कम नहीं थीं. लेकिन उन्हें हॉलीवुड अदाकारा मर्लिन मूनरो और सोफि़या लॉरेन ज़्यादा पंसद थीं.

फिल्म के अलावा मधुबाला के क्या क्या शौक़ थे?

उन्हें गाने और शायरी का बहुत शौक़ था. उन्होंने संगीत की शिक्षा नहीं ली थी लेकिन फि़र भी वह सुर में गा लेती थीं. फिल्म बसंत में उन्होंने सात साल की उम्र में एक गाना गाया था. 'मोरे छोटे से मन में छोटी सी दुनिया रे'. अपनी ज़िंदगी के आख़िरी दिनों में वह फि़ल्म ज्वेलथीफ का गाना 'रुला कर गया सपना मेरा' अक्सर गुनगुनाया करती थीं.

मधुबाला को ग़ुज़रे एक लंबा अरसा बीत चुका है, आज आप उन्हें कैसे याद करती हैं?

मुझे फख़्र है कि मैं मधुबाला की बहन हूँ. जो न सिर्फ ख़ूबसूरत अदाकारा थीं बल्कि एक अच्छी इंसान भी थीं. उनके बात करने का तरीक़ा बेहद नरम और मोहब्बत भरा था. वह जिस अंदाज़ में बात करती थीं, जिस अंदाज़ से अपने ख़्यालात जा़हिर करती थीं उसे देखकर कोई कह नहीं सकता था कि उनकी पढाई-लिखाई नहीं हुई थी.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X