'लव सेक्स और धोखा' का सीक्वल फाइनल, एकता कपूर-दिबाकर बैनर्जी ने दूसरे भाग का किया ऐलान- VIDEO
फ़िल्म 'लव सेक्स और धोखा' ने आज रिलीज़ के 11 साल पूरे कर लिए है, ऐसे में निर्माताओं ने इस चर्चित फिल्म के दूसरे भाग की घोषणा कर दी है। साल 2010 में आई फिल्म 'लव सेक्स और धोखा' राजकुमार राव और नुसरत भरुचा जैसे स्टार कलाकारों के लिए एक लॉन्चिंग पैड था। एलएसडी 2 के साथ, निर्माता इस विरासत को आगे ले जाने के लिए तैयार हैं।
फिल्म का निर्माण 'कल्ट मूवीज' द्वारा किया गया है, जो एकता कपूर द्वारा शुरु किया गया नया डिवीज़न है। एलएसडी 2 में एकता कपूर और दिबाकर बनर्जी 11 साल बाद फिर से एक साथ काम कर रहे हैं।

एकता कपूर कहती हैं, "एलएसडी को अपनी दिलचस्प कहानी और इनोवेटिव म्यूजिक के लिए याद किया जाता है। और हमारी प्रशंसित फिल्मों में से एक के दूसरे भाग की घोषणा करने के लिए आज से बेहतर दिन और क्या हो सकता है। दिबाकर का क्राफ़्ट और स्टोरीटेलिंग का कौशल शानदार है और मैं उनके साथ फिर से जुड़ने के लिए रोमांचित हूं। हम आशा करते हैं कि दर्शक एलएसडी 2 पसंद करेंगे और उतना ही सराहेंगे जितना उन्होंने पहले भाग को किया था।"
दिबाकर बैनर्जी कहते हैं, "एलएसडी हमारे जीवन में बदलाव का एक क्षण था, जिसे टेक्नोलॉजी की आवाज़ के माध्यम से कैप्चर किया गया था। हम फिर से किसी ऐसी नई चीज में बदलाव ला रहे हैं जिसे हम ज़्यादा जानते नहीं हैं। एलएसडी 2 इसी अज्ञात गहराई में गोता लगाती एक कहानी होगी। यह पारिवारिक कहानी नहीं होगी। यह कुछ ऐसा हो सकता है जिससे हमें रात में डर लगता है। यह वह मिरर हो सकता है जो हम बन रहे हैं। जिस तरह से हम भारत में नरेटिव का उपभोग करते हैं, एकता कपूर हमेशा से गेम चेंजर रही हैं।"
दिबाकर बनर्जी द्वारा निर्देशित, एलएसडी 2 एकता कपूर की कल्ट मूवीज़ और दिबाकर बनर्जी प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित है।


Click it and Unblock the Notifications












