असाध्य कैंसर से लड़ रही हैं लीजा रे
भारतीय मूल की कनाडाई अभिनेत्री लीजा रे असाध्य बीमारी 'मल्टीपल मायीलोमा' के इलाज के लिए स्टेम कोशिका का प्रत्यारोपण कराएंगी। यह बीमारी रक्त कैंसर का एक प्रारूप है।
37 वर्षीय अभिनेत्री लीजा रे को जून में पता चला था कि उन्हे अस्थिमज्जा का कैंसर है। जुलाई से उनकी कैंसर चिकित्सा चल रही है। 'मल्टीपल मायीलोमा' में शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं नष्ट हो जाती हैं। आधुनिक इलाज से इस बीमारी से ग्रस्त मरीज 20 वर्ष तक जीवित रह सकते हैं।
टोरंटो में जन्मी लीजा ने मार्शल मैकलुहान कैथोलिक सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को यह घोषणा की थी। इस स्कूल में लीजा रे अभिनीत और दीपा मेहता निर्देशित फिल्म 'वाटर' का प्रदर्शन किया गया था।
पोलैंडवासी मां और बंगाली पिता की बेटी लीजा ने कहा कि शहर के एक अस्पताल में अगले सप्ताह से स्टेम कोशिका प्रत्यारोपण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इलाज के लिए उन्होने अभिनय से अवकाश ले रखा है।
रे हाल ही में टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (टीआईएफएफ) में नजर आई थीं। यहां उनकी दीपा मेहता निर्देशित फिल्म 'कुकिंग विद स्टेला' का प्रदर्शन हुआ था।
फिल्म का ज्यादातर हिस्सा नई दिल्ली के कनाडाई उच्चायोग में फिल्माया गया है। यह एक कॉमेडी फिल्म है जिसमें रे ने दिल्ली में तैनात कनाडाई राजनयिक (अभिनेता डॉन मैककेलर) की पत्नी की भूमिका निभाई हैं। फिल्म में सीमा विस्वास ने चतुर महिला रसोइया स्टेला की भूमिका की है जो अपने कनाडाई मालिकों को मूर्ख बनाने की कोशिश करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











