लीज़ा रे को लाइलाज कैंसर
निर्देशक विक्रम भट्ट की फिल्म "कसूर" से बॉलिवुड की दुनिया में कदम रखने वाली खूबसूरत अभिनेत्री और मॉडल लीजा रे श्वेतरुधीर कणिकाओं से जुड़े मल्टीपल मायलोमा नामक लाइलाज कैंसर से पीड़ित हैं। लीजा ने इसका खुलासा अपने ब्लॉग 'द यलो डायरीज' में किया है।
लीजा ने अपने ब्लॉग में लिखा है कि उन्हें इस बारे में 23 जून को पता चला और दो जुलाई से उनका इलाज शुरू हो गया। यह जानते हुए भी कि यह बीमारी लाइलाज है लीजा ने हिम्मत न हारने और इससे लड़ने का संकल्प लिया है।
उन्होंने लिखा है, 'जब मुझे इस बीमारी के बारे में पता चला तो मैंने कोई प्रतिक्रिया नही दी और न ही मैं रोई। मैं एक अभिनेत्री हूं और यकीन मानिए मैं नाटकीय हो सकती हूं। लेकिन मैं हिम्मत नहीं हारुंगी और इसपर विजय हासिल करुंगी'।
लिजा के कैंसरग्रस्त होने की खबर से उनके परिवार और बॉलीवुड से जुड़े दोस्तों को झटका लगा है। बॉलीवुड निर्देशक विक्रम भट्ट ने इसपर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें इस बात पर सदमा पहुंचा है और वह जल्द ही इसकी तहकीकात करेंगे। लिजा के अनुसार इस बीमारी के कारण वह हर समय थकान महसूस करती हैं।
डॉक्टरों के अनुसार हालांकि यह बीमारी लाइलाज है लेकिन अब इससे जुड़ी चिकित्सा के बेहतर विकल्प मौजूद है। सही तरीके से इलाज कराने पर मरीज 15 से 20 साल अच्छी तरह से जीवन जी सकता है। वैसे बोन मैरो का ट्रांसप्लांट से इस बीमारी का बेहतर इलाज संभव है।


Click it and Unblock the Notifications