सैफ़ नहीं मां से सलाह लेती हूं: सोहा

By Jaya Nigam
सैफ़ नहीं मां से सलाह लेती हूं: सोहा

सोहा अली ख़ान और उनकी मां शर्मिला टैगोर ब्रिटिश फ़िल्म 'लाइफ़ गोज़ ऑन' में एक साथ दिखाई देंगी.

अभिनेत्री सोहा अली ख़ान कहती हैं कि वो अपने भाई और अभिनेता सैफ़ अली ख़ान से ज़्यादा अपनी मां और अभिनेत्री शर्मिला टैगोर से सलाह लेती हैं.

सोहा कहती हैं, “एक्टिंग के मामले में मैं सैफ़ से टिप्स नहीं लेती. मैं अपनी मां से ज़्यादा रचनात्मक सलाह लेती हूं. मुझे उससे ज़्यादा मदद मिलती है क्योंकि उसमें एक महिला का दृष्टिकोण होता है. हां, जब फ़िल्म चुनने की बात हो, तब कभी-कभी मैं सैफ़ से सलाह-मश्विरा कर लेती हूं.”

सोहा अली और शर्मिला टैगोर एक साथ ब्रिटिश फ़ीचर फ़िल्म 'लाइफ़ गोज़ ऑन' में दिखाई देंगीं. ये पहला मौका है जब इन दोंनो ने एक साथ किसी फ़िल्म में काम किया है.

फ़िल्म का साउंडट्रैक हाल ही में लंदन में रिलीज़ किया गया.

इस मौके पर शर्मिला टैगोर और सोहा अली ख़ान के अलावा फ़िल्म में एक अहम भूमिका निभा रहे ओम पुरी और गायक अभिजीत भी मौजूद थे. इन सभी से बीबीसी ने बातचीत की.

फ़िल्म के बारे में शर्मिला टैगोर कहती हैं, “ये फ़िल्म पूर्वाग्रहों के बारे में है. साथ ही ये पारिवारिक रिश्तों और मूल्यों के बारे में है. इस फ़िल्म का कलात्मक और ऑडियो-विज़युल पहलू बहुत ही उच्च कोटि का है.”

‘लाइफ़ गोज़ ऑन’, शेक्सपियर के प्रसिद्ध नाटक 'किंग लियर' से प्रेरित है. इसकी पृष्ठभूमि ब्रिटिश-एशियन है. फ़िल्म में शर्मिला टैगोर, गिरीश कर्नाड, ओम पुरी और सोहा अली ख़ान मुख्य भूमिकाओं में हैं. इसके अलावा फ़िल्म में कुछ नवोदित ब्रिटिश कलाकार भी हैं. फ़िल्म की कहानी भारतीय मूल के एक ब्रितानी व्यक्ति की पत्नी की आक्समिक मौत के बाद उसके और उसकी तीन बेटियों के रिश्तों के बारे में है.

ओम पुरी कहते हैं, “ये फ़िल्म एक बहुसांस्कृतिक समाज की तस्वीर है. इसके ज़रिए उस समाज के विरोधाभास दिखाए गए हैं लेकिन आखिरकार सहनशीलता ही जीतती है.”

फ़िल्म का निर्देशन संगीता दत्ता ने किया है. ये संगीता की पहली फ़िल्म है. इसके अलावा उन्होंने फ़िल्म की कहानी भी लिखी है. इससे पहले संगीता ‘ब्रिक लेन’, ‘द लास्ट लीयर’, ‘चोकेर बाली’ और ‘द रेनकोट’ में सहायक निर्देशक रही है.

फ़िल्म का संगीत ब्रिटिश एशियन संगीतकार सौमिक दत्ता ने दिया है और इसमें बॉलीवुड के जाने-माने गायक अभिजीत और रेखा भारद्वाज ने गाने गाए हैं.

अभिजीत कहते हैं, “मेरे लिए एक ब्रिटिश एशियन संगीतकार के लिए गाना बहुत मुश्किल नहीं था. बल्कि मुझे लगता है कि सौमिक दत्ता के लिए भारतीय या कहें कि हिंदी तरीके का संगीत बनाना शायद ज़्यादा मुश्किल रहा होगा. लेकिन मैंने जो भी किया वो उनके निर्देशन में किया. ये मेरे लिए बेहद रोचक अनुभव रहा.”

इंग्लैंड में फ़िल्म का प्रीमियर बरमिंघम, लेस्टर और लंदन में इस महीने होगा जबकि फ़िल्म जनवरी 2011 में रिलीज़ होगी.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X