भोपाल के गांव में मिली 'कैटरीना'
अपने मां-बाप से बिछड़ कर अकेली इधर-उधर भटकती हुई कैटरीना गांव में जा पहुंची, जहां उसे वन विहार के अधिकारियों ने बचा लिया। चौंकिए नहीं यहां फिल्म अभिनेत्री कैटरीना कैफ की बात नहीं हो रही है, यहां उस मादा तेंदुए की बात हो रही है, जो भोपाल के देवानखेड़ी गांव में पायी गई और गांव वालों ने उसका नाम कैटरीना रख दिया।
पिछले सप्ताह जब पंद्रह दिन की यह मादा तेंदुआ जंगल से भटक कर गांव में जा पहुंची तो गांव वालों ने तुरंत वन विहार नेशनल पार्क को सूचना दी। और वन अधिकारियों ने उसे बचा लिया। गांव वालों को वो इतनी अच्छी लगी कि उसका नाम कैटरीना रख दिया। गांव वालों का कहना है कि मादा तेंदुआ उन्हें कैटरीना कैफ की तरह खूबसूरत व सिल्की लगी, जिसके चलते उसका यह नाम रख दिया।
वहीं वन विहार के सहायक निदेशक एके खरे ने बताया कि इस खबर के आने के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ ने फोन भी किया और उसे गोद लेने की इच्छा भी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि कैटरीना उस मादा तेंदुए के लिए 50 हजार रुपए सालाना देने को तैयार हैं, और जल्द ही औपचारिकताएं पूरी कर देंगी।


Click it and Unblock the Notifications