प्राण के अंतिम संस्कार में पहुंचे अमिताभ लेकिन दिग्गजों की कमी
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता प्राण अब से थोड़ी देर पहले पंचतत्व में विलीन हो गये हैं। बेटे सुनील ने उन्हें मुखाग्नि दी है। उनके अंतिम संस्कार में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, शक्ति कपूर और लेखक-गीतकार गुलजार साहब को छोड़कर दिग्गजों की कमी महसूस की गयी। लेकिन पूरे बॉलीवुड ने ट्विटर के जरिये अपने शोक को जताया है।
सदी के महानायक की आंखें भी इस मौके पर नम ही देखी गयीं। अमिताभ , प्राण के काफी जिगरी दोस्त माने जाते थे। कहा जाता है कि अमिताभ की पहली हिट फिल्म जंजीर में विजय का रोल प्राण साहब की ही बदौलत मिला था तो वहीं अमिताभ के कहने पर ही प्राण ने फिल्म में शेरखान की भूमिका निभायी थी। इसके बाद अमिताभ और प्राण ने कई हिट फिल्मों में काम किया था। जिसमें से कई फिल्में मील का पत्थर हैं।
गौरतलब है कि सिनेमा जगत के महान अभिनेता प्राण का पार्थिव आज सुबह अंतिम संस्कार के लिए मुंबई के शिवाजी पार्क ले जाया गया था। हिंदी फिल्मों के सबसे लोकप्रिय खलनायक प्राण ने शुक्रवार रात 8.30 बजे लीलावती अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 93 साल की थे।
प्राण अपने पीछे पत्नी शुक्ला, बेटी पिंकी, दो बेटों अरविंद और सुनील और पोते-पोतियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।इस साल प्राण को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें यह सम्मान उनके घर पर दिया गया था क्योंकि बीमारी की वजह से वह दिल्ली में हुए अवार्ड समारोह में पहुंच नहीं पाये थे।
आईये आपको दिखाते हैं अंतिम यात्रा की तस्वीरें..


Click it and Unblock the Notifications











