लक्ष्मी बम TRAILER- अक्षय कुमार की दिवाली रिलीज, कॉमेडी और हॉरर का जबरदस्त तड़का
आखिरकार फैंस की प्रतीक्षा की घड़ी खत्म हुई और अक्षय कुमार ने अपनी फिल्म 'लक्ष्मी बम' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह कॉमेडी- हॉरर फिल्म 9 नवंबर को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर प्रीमियर होने वाली है। फिल्म में अक्षय के साथ कियारा आडवाणी दिख रही हैं। राघव लॉरेंस के निर्देशन में बनी यह फिल्म रिलीज से पहले ही काफी सुर्खियां बटोर रही है।
अक्षय ने ट्रेलर शेयर करने के साथ लिखा- जहां कहीं भी हैं, वहीं रुक जाएं और तैयार हो जाएं देखने के लिए लक्ष्मी बम का ट्रेलर, क्योंकि बरसने आ रही है लक्ष्मी।

कोई शक नहीं कि ट्रेलर इंटरटेनमेंट से भरपूर है। खासकर अक्षय कुमार को इस तरह के अलग अंदाज में देखना फैंस के लिए दिलचस्प होगा। बता दें, यह तमिल हिट फिल्म 'कंचना' की हिंदी रीमेक है। मूल फिल्म में अभिनय करने वाले राघव लॉरेंस लक्ष्मी बम का निर्देशन कर रहे हैं। लिहाजा, दोनों फिल्मों में काफी ज्यादा समानता दिख रही है। हावभाव से लेकर फिल्म सेट तक।
फिल्म के ट्रेलर में कहानी की छोटी सी झलक मिली, साथ ही गाने और कुछ मुख्य डायलॉग्स भी ट्रेलर में डाले गए हैं। 'लक्ष्मी बम' में अक्षय पहली बार एक ट्रांसजेंडर के रोल में दिखायी दे रहे हैं।
भारत, अमेरिका, यूके और कनाडा में फिल्म जहां 9 नवंबर को ओटीटी प्लैटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर प्रीमियर करने वाली है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और यूएई में फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।


Click it and Unblock the Notifications