'मुन्नी तो फिर से बदनाम होगी'

'दबंग' के सीक्वेल में भी 'मुन्नी बदनाम हुई' का एक अलग संस्करण होगा.साल 2010 में फ़िल्म दबंग के गाने 'मुन्नी बदनाम हुई' ने धूम मचा दी. हर गली चौराहे में ये गीत गूंजा.कई फ़िल्म विशेषज्ञों का तो ये भी मानना है कि फ़िल्म को मिली कामयाबी में काफ़ी हद तक इस गाने का भी योगदान रहा.
अब इसे संगीतबद्ध करने वाले संगीतकार ललित पंडित 'दबंग' के सीक्वेल में भी इसका एक अलग संस्करण बनाने की तैयारी में हैं.बीबीसी से ख़ास बात करते हुए ललित पंडित ने कहा, "मुन्नी तो फिर बदनाम होगी. वर्ना लोगों को मज़ा कैसे आएगा. हम दबंग 2 के लिए 'मुन्नी' जैसा ही धमाकेदार गाना बनाने की तैयारी कर रहे हैं."
ललित ने ये भी बताया कि 'मुन्नी बदनाम हुई' गाने वाली ममता शर्मा ही इसके नए संस्करण को अपनी आवाज़ देंगी.अभी ये तय नहीं हुआ है कि गाना किस पर फ़िल्माया जाएगा लेकिन ललित चाहते हैं कि ये भी मलाइका अरोरा ख़ान पर ही फ़िल्माया जाए. ललित के मुताबिक़ 'मुन्नी बदनाम हुई' गाने को पर्दे पर मलाइका ने बेहतरीन तरीके से अंजाम दिया.
लेकिन ललित पंडित ने बताया कि शुरुआत में उन्हें 'मुन्नी' गाने की कामयाबी का श्रेय नहीं मिला.दरअसल 'दबंग' के कुछ गानों का संगीत साजिद-वाजिद की जोड़ी ने भी दिया है.ललित कहते हैं, "साजिद-वाजिद भी ये साफ़ नहीं करते थे कि 'मुन्नी' का संगीत उन्होंने नहीं दिया है. लेकिन फ़िल्म इंडस्ट्री बहुत छोटी दुनिया है. जल्द ही सबको पता चल गया कि इस गाने के पीछे मैं हूं और कोई नहीं. हां बाक़ी लोगों को ये बात तब पता चली जब इस गाने के लिए मुझे अवॉर्ड्स मिलने शुरु हो गए."
ललित पंडित पहले अपने भाई जतिन के साथ मिलकर जतिन-ललित की जोड़ी के तौर पर संगीत देते थे.दोनों ने मिलकर जो जीता वही सिकंदर, यस बॉस, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, कुछ कुछ होता है और कभी ख़ुशी कभी ग़म जैसी सुपरहिट फ़िल्मों का संगीत दिया है.लेकिन 2006 में ये जोड़ी टूट गई. उसके बाद से दोनों स्वतंत्र संगीतकार के तौर पर काम कर रहे हैं.
ललित कहते हैं, "मुझे दोबारा से शुरुआत करनी पड़ी. ख़ुशी इस बात की है दबंग से मैंने अपने आपको साबित किया. बस अब इसी तरह से मेहनत करके अपनी मंज़िल की तरफ़ बढ़ता जाऊंगा."क्या भविष्य में वो दोबारा जतिन के साथ मिलकर संगीत देंगे. ये पूछने पर ललित ने कहा, "मैं कुछ कह नहीं सकता. किसने सोचा था कि कभी जतिन-ललित अलग भी हो जाएंगे. लेकिन ऐसा हो गया. तो आगे क्या होगा, ये भी मैं कह नहीं सकता."ललित ने इन ख़बरों का भी खंडन किया कि वो यशराज बैनर की अगली फ़िल्म में जतिन के साथ मिलकर संगीत दे रहे हैं.


Click it and Unblock the Notifications











