"प्रेग्नेंसी में मेरी नाक के नीचे चलाया एक्सट्रा मैरिटल अफेयर, किया टॉर्चर" पहली बार खुली कुमार सानू की पत्नी

Kumar Sanu Ex Wife Rita: बॉलीवुड के टॉप सिंगर कुमार सानू की पूर्व पत्नी रीता भट्टाचार्य ने हाल ही में अपने अतीत को लेकर कुछ गंभीर खुलासे किए हैं। रीता, जिनकी शादी सानू से 1980 के दशक के अंत में हुई थी, उन्होंने एक हालिया इंटरव्यू में अपनी शादीशुदा लाइफ में आई परेशानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे कठिन समय वह था जब वह अपने तीसरे बच्चे, जान कुमार सानू, के गर्भ से थीं।
रीता ने बताया कि 'आशिकी' फिल्म की सक्सेस के बाद कुमार सानू का व्यवहार उनके प्रति बदल गया था। उनका आरोप है कि उस समय उन्हें ठीक से सम्मान नहीं मिला, उनकी आजादी पर प्रहार किया गया, और यहां तक कि खाने-पीने और इलाज जैसी बेसिक जरूरतों के लिए भी उन्हें संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि इसी दौर में सानू का किसी और से रिश्ता था, और इसके बावजूद उन्होंने रीता को अदालत में घसीटा जिससे वह पूरी तरह टूट गईं।
फिल्म विंडो से बातचीत में रीता ने आरोप लगाया कि जब वह गर्भवती थीं, उस दौरान कुमार सानू ने उन्हें कानूनी लड़ाई में घसीटा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सानू उस समय लॉयल नहीं थे। रीता ने कहा, "प्रेग्नेंसी के दौरान उन्होंने मुझे कोर्ट में घसीटा। उसी समय उनका एक अफेयर भी था, जो अब सामने आ चुका है। और फिर भी वो मुझे कोर्ट ले गए? उस वक्त मैं बहुत छोटी थी, ऐसा लगा जैसे मेरी पूरी दुनिया ही बिखर गई हो। मेरा परिवार भी सदमे में था। एक साल पहले उन्होंने एक बड़ी पार्टी की थी और उसमें कहा था कि उनकी सफलता के पीछे मेरा हाथ था।"
रीता ने अपने इस इंटरव्यू में प्रेग्नेंसी के दौरान झेली गई परेशानियों का ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें घर से बाहर जाने की इजाज़त नहीं थी, यहां तक कि ब्यूटी पार्लर जाने की अनुमति भी नहीं मिलती थी। दोस्तों से मेलजोल रखने पर भी पाबंदी थी, और मेकअप करना भी मना था। उन्होंने कहा कि उस कठिन समय में अगर कोई उनका सहारा बना, तो वह उनकी भाभी थीं।
रीता ने कहा, ""जब घर से बाहर जाते थे तो किचन की शेल्व्स लॉक कर दिया जाता था। मुझे चावल खाने के लिए अपनी भाभी के घर जाना पड़ा। मैंने थोड़े से चावल खरीदे और भाभी के घर जाकर खिचड़ी बनाई, फिर हम वहीं बैठकर खाना खाते थे।""
रीता ने यह भी दावा किया कि उन्हें बहुत सीमित पैसे दिए जाते थे और इलाज करवाने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, "मुझे दिन के सिर्फ 100 रुपये मिलते थे, और डॉक्टरों को भी पैसे देने से मना कर दिया गया था। जब मैं बच्चे का खाना मंगवाती थी, तो दुकानदार कहता था कि वह नहीं भेज सकता क्योंकि 'साहब' ने मना किया है।"
रीता ने अपने बयान में बताया कि कोर्ट में कुमार सानू के साथ उनकी पेशियों के दौरान उनका मज़ाक उड़ाया जाता था। उन्होंने कहा, "जब मैं जान के गर्भ से थी, तो मुझे ठीक से खाना भी नहीं दिया जाता था और मैं हमेशा अस्वस्थ महसूस करती थी।"
जानकारी के लिए आपको बता दें कि कुमार सानू ने 1980 के दशक के अंत में रीता भट्टाचार्य से शादी की थी। इस दंपती के तीन बच्चे हुए लेकिन 1994 में तलाक के साथ ये रिश्ता खत्म हो गया। इसी दौरान सानू का अभिनेत्री कुनिका सदानंद के साथ रिश्ता भी सुर्खियों में आया जो उस समय एक्सट्रा मैरिटल अफेयर कहा गया। कुनिका ने इस रिश्ते को लेकर एक इंटरव्यू में खुलकर बात की थी। उन्होंने एक दर्दनाक घटना को याद करते हुए बताया था कि एक बार रीता ने गुस्से में आकर उनकी कार पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया था।


Click it and Unblock the Notifications











