बारबरा के साथ काम करना अनोखा अनुभवः ऋतिक रोशन

अभिनेता ऋतिक रोशन का कहना है कि नई फ़िल्म काइट्स में बारबरा मोरी के साथ काम करना एक अलग तरह का अनुभव रहा.
ऋतिक रोशन और मेक्सिको की अभिनेत्री बारबरा मोरी के अभिनय वाली फ़िल्म 'काइट्स' का प्रीमियर लंदन के लेस्टर स्क्वेयर में हुआ.
लंदन में प्रीमियर के मौक़े पर ऋतिक और बारबरा के अलावा फ़िल्म के निर्माता राकेश रोशन और निर्देशक अनुराग बासु भी रेड कारपेट पर मौजूद थे.
'काइट्स' की कहानी दो ऐसे लोगों के बारे में है जो अपने-अपने देश छोड़कर अमरीका में अपने सपने साकार करने जाते हैं.
फ़िल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक दूसरे की भाषा न जानते हुए भी इन दोनों को एक दूसरे से प्यार हो जाता है.
इस मौक़े पर ऋतिक रोशन ने कहा, "मैं अपने-आपको बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मैं इस फ़िल्म का हिस्सा हूं और मुझे अपनी रचनात्मकता दिखाने का मौक़ा मिलता रहा है."
बारबरा मोरी ने कहा, "मैं बहुत उत्साहित हूं कि मैं लंदन में इतनी ख़ूबसूरत फ़िल्म की नुमाइंदगी कर रही हूं."
इस फ़िल्म के दो रूपांतर बने हैं. भारतीय दर्शकों के लिए ये फ़िल्म 130 मिनट लंबी होगी जबकि अंतरर्राष्ट्रीय रूपांतर 90 मिनट का है.
फ़िल्म के अंतरर्राष्ट्रीय रूपांतर का संपादन किया है हॉलीवुड के फ़िल्मकार ब्रेट रेटनर ने.
बॉलीवुड की बड़ी फ़िल्मों में से एक
लंदन में बीबीसी से बात करते हुए ऋतिक रोशन ने कहा, "क़रीब ढाई साल बाद मेरी कोई फ़िल्म आ रही है इसलिए मुझे ऐसा लग रहा है कि मैं बॉलीवुड में नया क़दम रख रहा हूं. मुझे वैसा ही लग रहा जैसा मुझे अपनी पहली फ़िल्म की रिलीज़ के वक़्त लग रहा था."
वह कहते हैं कि इस फ़िल्म के बनने के दौरान उन्हें बहुत कुछ नया सीखने को मिला और उनके काम करने के ढंग में भी बदलाव आया.
ऋतिक कहते हैं, "बारबरा के साथ काम करना एक अलग तरह का अनुभव रहा. इसी तरह फ़िल्म के निर्देशक अनुराग कश्यप के दृष्टिकोण से भी मैं बहुत प्रभावित हुआ."
ऋतिक रोशन कहते हैं कि बारबरा मोरी ने सबसे पहले उनकी फ़िल्म 'जोधा अक़बर' देखी थी और उसे देखने बाद उन्हें लगा कि वो ऋतिक के साथ काम नहीं कर पाएंगी क्योंकि उन्हें ऋतिक के बोलने और चलने का तरीक़ा अजीब लगा.
उनका कहना है, "बारबरा ने बाद में मेरे और मेरी फ़िल्मों के बारे में और जानकारी प्राप्त की और फिर उन्हें यक़ीन हो गया कि वो मेरे साथ काम कर सकती हैं".
बारबरा मोरी ने 'काइट्स' में काम करने से पहले ऋतिक की फ़िल्मों की कुछ क्लिप यूट्यूब पर देखीं थीं.
बारबरा मोरी ने बीबीसी को लंदन में बताया, "ये देखने के बाद मुझे यक़ीन हो गया कि ऋतिक एक बेहतरीन कलाकार हैं और बेहद अच्छे डांसर."
बारबरा मोरी ने बताया कि इस फ़िल्म में काम करने के दौरान थोड़ी-बहुत हिंदी भी सीखी.
ये पूछे याने पर कि उन्होंने हिंदी में क्या सीखा, बारबरा का जवाब था, "मैं तुमसे प्यार करती हूं."


Click it and Unblock the Notifications











