क्यों किया किस !

फ़िल्म ये साली ज़िंदगी के एक दृश्य में अरुणोदय सिंह और अदिति राव.
आने वाली फ़िल्म 'ये साली ज़िंदगी' में अभिनेता अरुणोदय सिंह के अभिनेत्री अदिति राव के साथ 22 किसिंग सीन हैं.
ये सारे किस उनके लिए शायद कोई मुश्किल खड़ी ना करें. लेकिन असल ज़िंदगी में उनके एक किस ने बवाल खड़ा कर दिया.
दरअसल अरुणोदय फ़िल्म 'ये साली ज़िंदगी' के प्रमोशन के सिलसिले में पुणे के सिम्बायसिस इंस्टीट्यूट ऑफ़ मास कम्युनिकेशन गए थे. वहां उन्होंने स्टेज पर कॉलेज की एक छात्रा को किस कर लिया. कॉलेज प्रशासन ने इस पर कड़ा ऐतराज़ जताया है.
बीबीसी से बात करते हुए इस संस्थान के निदेशक अनुपम सिद्धार्थ ने कहा, "हमारी मेहमाननावज़ी का ग़लत फ़ायदा उठाया गया. हम जानते हैं कि ये फ़िल्म छोटे बजट की है और उसे प्रमोट करने की ज़रूरत है. लेकिन प्रमोशन का मतलब अश्लीलता तो बिलकुल नहीं होना चाहिए."
अनुपम ने ये भी बताया कि इस घटना के बाद वो लड़की सदमे की हालत में है और किसी से बात नहीं कर रही है. वो हॉस्टल में अपने कमरे से बाहर भी नहीं निकल रही है.
अनुपम कहते हैं, "अगर कल को वो लड़की कोई ख़तरनाक कदम उठाती है तो उसका ज़िम्मेदार कौन होगा. फ़िल्म वालों को तो पब्लिसिटी चाहिए थी, जो उन्हें मिल गई."
दूसरी तरफ़ अरुणोदय सिंह ने अपनी सफ़ाई देते हुए कहा, "मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि इतनी छोटी बात का बतंगड़ क्यों बनाया जा रहा है. वो लड़की ख़ुद स्टेज पर आई और उसने मुझसे किस करने को कहा. मैंने उसे किस कर दिया जिसके बाद उसने मुझे थैंक्यू भी कहा."
अरुणोदय ने ये भी कहा कि अब तक कॉलेज प्रशासन ने उनसे इस घटना के संबंध में संपर्क नहीं साधा है.
'ये साली ज़िंदगी' के निर्देशक सुधीर मिश्रा कहते हैं, "अरुणोदय ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि जो भी लड़की पहले स्टेज पर जाएगी उसे वो किस करेंगे. अगर उसे किसी तरह का ऐतराज़ होता तो वो लड़की स्टेज पर क्यों गई."
बहरहाल सिम्बायसिस इंस्टीट्यूट ऑफ़ मास कम्युनिकेशन के निदेशक अनुपम सिद्धार्थ ने बताया कि अब भविष्य में अरुणोदय को कॉलेज कैंपस में प्रवेश की इजाज़त नहीं दी जाएगी.


Click it and Unblock the Notifications











