Kichcha Sudeep: साउथ अभिनेता पर लगा धोखाधड़ी का आरोप, फिल्म निर्माता ने दी धरने पर बैठने की धमकी

Kichcha Sudeep: साउथ अभिनेता किच्चा सुदीप इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'किच्चा 46' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज हुआ है, जिसे फैंस ने पसंद किया है। इसी सबके बीच एक्टर पर धोखाधड़ी का आरोप लग गया है, और यह आरोप फिल्म निर्माता एम एन कुमार ने लगाया है।
एम एन कुमार का आरोप है कि किच्चा सुदीप ने एक फिल्म के लिए फीस लेने के बाद उसे करने से मना कर दिया। निर्माता का कहना है कि नौ करोड़ रुपये लेने के बाद भी साउथ एक्टर ने उन्हें समय नहीं दिया।
इतना ही नहीं एम एन कुमार ने तो दो दिन में मामला न सुलझने पर धरने तक पर बैठने की चेतावनी दे दी है। एम एन कुमार ने कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स में किच्चा सुदीप पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि दोनों आठ वर्ष पहले एक फिल्म बनाने के लिए सहमत थे।
हालांकि, एक्टर ने अब तक उन्हें तारीख नहीं दी है। एन कुमार के अनुसार चार फिल्मों को बंद करने के बाद उन्होंने सुदीप के साथ एक मूवी बनाने पर चर्चा की और वह इसके लिए सहमत भी हो गए थे, लेकिन सुदीप की वजह से अब तक फिल्म पर काम नहीं शुरू हो सका है।
निर्माता ने कहा है, 'मेरे जरिए पूरी फीस देने के बाद भी उन्होंने मुझे अपनी तारीखें नहीं दी हैं। मैंने उन्हें लगभग नौ करोड़ रुपये दिए हैं, और उनके कहने पर किचन के सुधार के लिए 10 लाख रुपये भी दिए थे। मैंने डायरेक्टर नंद किशोर को भी अग्रिम भुगतान किया है, और फिल्म का शीर्षक 'मुत्तत्ती सत्यराजू' फिल्म चैंबर में पंजीकृत कराया, लेकिन अब उन्होंने एक तमिल निर्माता के साथ फिल्म की घोषणा कर दी है।'
खैर अभी इस बयान के बाद साउथ अभिनेता किच्चा सुदीप की कोई पुष्टि नहीं हुई हैं, ना ही अभिनेता ने इसको ने कोई प्रतिक्रिया दी है। देखना होगा इसको लेकर आगे क्या होगा, फिलहाल तो सोशल मीडिया पर इसको लेकर फैंस अपनी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications












