Kasautii Zindagii Kay के राइटर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, फिल्ममेकर के साथ किया करोड़ों का घपला

Mahesh Pandey Arrested: अंबोली पुलिस ने एक फिल्म निर्माता से कथित तौर पर 2.65 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में कसौटी जिंदगी की फेम टीवी स्क्रिप्ट राइटर महेश पांडे को गिरफ्तार किया है। उन्हें 6 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पांडे की पत्नी के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी किया गया है, जो कथित तौर पर इस मामले में शामिल हैं।
यह शिकायत फिल्म निर्माता जतिन सेठी ने दर्ज कराई है, जिन्होंने पांडे पर एक जॉइन्ट प्रोजेक्ट की शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। सेठी ने आरोप लगाया कि महेश पांडे ने प्रसार भारती से पेमेंट ले ली थी, जिसमें उन्हें आश्वासन यानी भरोसा दिया गया था कि 2.65 करोड़ रुपये सेठी के बैंक खाते में जमा किए जाएंगे।
हालांकि, उन्होंने कई बहाने बनाए और बार-बार पैसों की बातों पर टालमटोल करते रहे और अंत में उन्होंने पैसे नहीं चुकाए। यही नहीं, इन सबसे बचने के लिए महेश पांडे ने कथित तौर पर एक फर्जी ईमेल आईडी भी बनाई, ताकि यह दिखाया जा सके कि उन्होंने सेठी के ब्रॉडकास्टर को पेमेंट के बारे में ईमेल भेजे थे, लेकिन इसके बजाय उन्होंने पैसे खुद के लिए इस्तेमाल किए।
आपकी जानकारी के लिए बता दें, महेश पांडे ने 'कहानी घर घर की', 'कसम से' और 'विद्या' जैसे कई मशहूर टीवी सीरियल्स का स्क्रीनप्ले लिखा है और टीवी इंडस्ट्री में वो काफी मशहूर रहे हैं, लेकिन उन पर आए दिन इल्जाम भी लगते रहे हैं। उन पर पहले भी उनके शो के कई कलाकारों ने पेमेंट ना देने का आरोप लगाया है।


Click it and Unblock the Notifications











