अक्षय कुमार की बच्चन पांडे छोड़ RRR ने किया कार्तिक आर्यन को अटैक, भूल भुलैया 2 से होगा क्लैश
एस एस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म RRR, 18 मार्च को अक्षय कुमार की बच्चन पांडे के साथ होली के त्योहार पर क्लैश होने वाली थी। लेकिन अब इस क्लैश को होने से रोक लिया गया है और राजामौली की फिल्म एक हफ्ता पोस्टपोन हो चुकी है। लेकिन एक मुसीबत भरा क्लैश फिर भी पोस्टपोन नहीं हुआ है।
राम चरण तेजा और जूनियर एनटीआर स्टारर एस एस राजामौली की फिल्म RRR अब 25 मार्च को रिलीज़ हो रही है और कार्तिक आर्यन, तबू, कियारा आडवाणी स्टारर भूल भुलैया 2 के साथ क्लैश हो रही है। भूल भुलैया 2 को डायरेक्ट किया है अनीस बज़्मी ने और इसे प्रोड्यूस कर रही है टीसीरीज़।

अब देखना है कि इस रिलीज़ डेट का एलान होने के बाद क्या भुल भुलैया 2 की रिलीज़ डेट आगे बढ़ाई जाती है या फिर कार्तिक आर्यन अपने करियर के पहले बड़े क्लैश का सामना करने जा रहे हैं। हालांकि, इतने बड़े क्लैश का नतीजा सभी को पता है। लेकिन फिर भी इतने बड़े क्लैश के सामने अगर कार्तिक आर्यन मज़बूती से टिक गए तो ये उनके लिए काफी बड़ी बात होगी।

साउथ फिल्मों से पंगा
देखा जाए तो आजकल कार्तिक आर्यन की किस्मत शायद दक्षिण की फिल्मों को लेकर थोड़ी सी खराब चल रही है। जहां एक तरफ RRR का ये महाक्लैश उनके माथे पर आकर बैठ गया है वहीं कुछ दिन पहले रिपोर्ट्स थीं कि कार्तिक आर्यन अल्लू अर्जुन की फिल्म अला वैकुंठपुरामूलू की हिंदी डबिंग रिलीज़ होने से परेशान थे। कार्तिक इस फिल्म का हिंदी रीमेक शहज़ादा की शूटिंग शुरू कर चुके हैं और अगर ये फिल्म हिंदी में रिलीज़ होती तो इससे कार्तिक आर्यन की फिल्म को काफी नुकसान होता। अब RRR से क्लैश का सामना करना भी कार्तिक के लिए आसान नहीं होगा।

अक्षय कुमार से होनी है तुलना
गौरतलब है कि कार्तिक आर्यन ने अक्षय कुमार को भूल भुलैया 2 में रिप्लेस किया है और लोगों को उम्मीदें हैं कि इस फिल्म में वो अक्षय कुमार जैसा ही कुछ कमाल करेंगे। खुद कार्तिक ने भी एक इंटरव्यू में अक्षय से अपनी तुलना पर बात करते हुए कहा था किअक्षय कुमार जैसा कोई नहीं हो सकता है। कार्तिक जानते हैं कि भूल भुलैया 2 के साथ उनके ऊपर लोगों की उम्मीदों का बोझ है। और वो पूरी कोशिश कर रहे हैं कि पूरी ईमानदारी से इस फिल्म को सफलता की ओर ले जा पाएं।

सबकी पहली पसंद हैं कार्तिक
करण जौहर की दोस्ताना 2 छोड़ने के बाद कार्तिक चुपचाप अपना काम कर रहे हैं। उनके पास फिल्मों की भरमार है और इस समय वो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के उभरते हुए सितारे हैं। कार्तिक पिछली कुछ फिल्मों की सफलता के बाद अपनी फीस भी बढ़ा चुके हैं। हंसल मेहता के लिए वो आईएएफ ऑफिसर बनेंगे तो दूसरी तरफ शहज़ादा में अल्लू अर्जुन को रिप्लेस करेंगे। इसके अलावा वो फ्रेडी नाम की एक फिल्म पूरी कर चुके हैं। इसके बाद कार्तिक सत्यनारायण की कथा पर काम शुरू करेंगे जो कि एक म्यूज़िकल है।

सबके फेवरिट बन चुके हैं कार्तिक
9 साल के करियर में 8 फिल्में करने के बाद कार्तिक आर्यन सबके फेवरिट बन चुके हैं। RRR के साथ क्लैश उनके करियर का पहला बड़ा क्लैश होगा। हालांकि, पिछले साल कार्तिक आर्यन के बारे में काफी निगेटिव बातें की गई हैं लेकिन उनका साथ देने वाले उनके साथ मज़बूती से खड़े दिखाई दिए। इनमें कार्तिक के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर तक शामिल थे। ये सारी बातें, कार्तिक को करण जौहर के प्रोजेक्ट दोस्ताना 2 से निकालने के बाद शुरू हुई थीं।

फिर से उड़ी थी अफवाहें
हाल ही में फिर से अफवाहें थीं कि कार्तिक आर्यन ने शहज़ादा फिल्म छोड़ने की धमकी दी है। शहज़ादा अल्लू अर्जुन की फिल्म अला वैकुंठपुरामुलू की रीमेक थी और पुष्पा की सफलता के बाद इस फिल्म को हिंदी में डब करके रिलीज़ करने का प्लान बनाया जा रहा था। लेकिन शहज़ादा, इसी फिल्म का हिंदी रीमेक है। ऐसे में खबरें आईं कि कार्तिक ने फिल्म छोड़ने की धमकी दे दी है लेकिन एक बार फिर उनके प्रोड्यूसर उनके साथ खड़े दिखाई दिए।


Click it and Unblock the Notifications











