कार्तिक आर्यन स्टारर 'शहजादा' कई वेबसाइट पर हुई लीक, मेकर्स को लगा बड़ा झटका

Kartik Aaryan starrer Shehzada leaked: कार्तिक आर्यन स्टारर 'शहजादा' आज सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म को दर्शकों द्वारा अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। कार्तिक आर्यन की पिछली फिल्मों के रिकॉर्ड को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा खासा बिजनेस कर सकती है। लेकिन, रिलीज के साथ ही कार्तिक आर्यन और मेकर्स समेत पूरी टीम को गहरा झटका लगा है।
ऐसी खबरें आ रही है कि 'शहजादा' कई वेबसाइट्स पर लीक हो गई है। रिलीज के पहले ही दिन फिल्म कई वेबसाइट पर आ गई है। इससे मेकर्स को तगड़ा नुकसान हो सकता है. जिन साइट्स पर ये फिल्म लीक हुई है, वो मूवीरूल्ज और तमिलरॉकर्स जैसी साइट्स हैं। जाहिर है इस तरह से पहले दिन फिल्म के लीक होने से मेकर्स भी चिंतित हो गए हैं।
कार्तिक आर्यन की इस साल रिलीज होने वाली यह पहली फिल्म है। इससे पहले पिछले साल उनकी 'भूल भुलैया 2' सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अच्छी खासी कमाई भी की थी। वहीं, ओटीटी पर उनकी फिल्म 'फ्रेडी' की भी काफी तारीफ हुई थी। लेकिन, अब 'शहजादा' के लीक होने से कार्तिक आर्यन को भी गहरा झटका लग सकता है।

'पठान' से टक्कर
बता दें कि पहले ही 'शहजादा' के सामने कई मुश्किलें खड़ी है। फिल्म का सामना बॉक्स ऑफिस पर शाहरुख खान स्टारर 'पठान' से हो रहा है। रिलीज के 22 दिनों बाद भी फिल्म अच्छी खासी कमाई कर रही है। मेकर्स ने 'पठान' की कमाई को बनाए रखने के लिए मास्टर प्लानिंग की है। लेकिन, इससे कार्तिक आर्यन की फिल्म 'शहजादा' के बिजनेस पर असर पड़ सकता है। 'पठान' के मेकर्स ने फिल्म के टिकट के रेट घटाकर 110 रुपए कर दिए हैं।

'शहजादा' की परीक्षा
साथ ही कार्तिक आर्यन की फिल्म 'शहजादा' को सिनेमाघरों में 'पठान' और 'एंट मैन एंड द वास्प- क्वांटमेनिया' से कड़ी टक्कर मिलने वाली है। खास बात यह भी है कि 'एंट मैन' एक ग्लोबल फिल्म है और भारत में भी मार्वल की अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है और ऐसे में कार्तिक आर्यन के लिए आने वाला समय परीक्षा की घड़ी साबित हो सकता है।

पहले टली थी रिलीज
बता दें कि, 'शहजादा' साउथ की फिल्म 'अला वैकुंठपुरमलो' की रीमेक है। इस फिल्म का निर्देशन रोहित धवन ने किया है। पहले ये फिल्म 10 फरवरी को रिलीज होने वाली थी लेकिन, 'पठान' की कमाई और फिल्म के क्रेज को देखते हुए फिल्म को 17 फरवरी को रिलीज करने का फैसला किया गया।


Click it and Unblock the Notifications











