कार्तिक आर्यन ने अजय देवगन के साथ शेयर की तस्वीर, दिया भूल भुलैया 2 और दृश्यम 2 से जुड़ा ट्विस्ट

साल 2022 में जहां कार्तिक आर्यन फिल्म 'भूल भुलैया 2' की बेजोड़ सफलता के साथ छाए रहे, वहीं अजय देवगन की लेटेस्ट रिलीज 'दृश्यम 2' ने पहले वीकेंड पर भी बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। हाल ही में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के 53वें संस्करण में अजय देवगन और कार्तिक आर्यन की मुलाकात हुई थी। जहां से दोनों की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
इवेंट के दौरान दोनों स्टार्स ने रेड कार्पेट पर साथ में पोज दिए थे। उसी तस्वीर को कार्तिक आर्यन ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है, साथ ही एक मजेदार कैप्शन भी दिया है।
अभिनेता ने लिखा- "विजय सलगांवकर और रूह बाबा ने 2 अक्टूबर को गोवा में एक साथ पाव भाजी खाई.. और 3 अक्टूबर को सत्संग करके मुंबई लौट आए.. PS- भाव भाजी बहुत अच्छी थी.." बता दें, भूल भुलैया 2 में कार्तिक के किरदार का नाम रूब बाबा था.. और दृश्यम में अजय देवगन ने विजय सलगांवकर की भूमिका निभाई है।
कार्तिक के इस पोस्ट पर फैंस बेहद उत्साहित होकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- "2022 के दो हिट मशीन".. वहीं दूसरे ने लिखा- "एक फ्रेम में दो सुपरस्टार्स".. कोई शक नहीं कि दोनों स्टार की फैन फॉलोइंग काफी तगड़ी है।
इस साल आई कार्तिक की फिल्म भूल भुलैया 2 बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। फिल्म ने 185 करोड़ का बिजनेस किया था। वहीं, अब दृश्यम 2 के साथ अजय देवगन ने भी बॉलीवुड को राहत की सांस दी है। फिल्म ने रविवार को 27.17 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसके बाद 3 दिनों में फिल्म की कुल कमाई 64.14 करोड़ तक पहुंच चुकी है। बता दें, फिल्म ने पहले वीकेंड पर ही अपने बजट को पार कर लिया है और अब मुनाफा कमा रही है। फिल्म का सुपरहिट होना तय है।


Click it and Unblock the Notifications
