Pics: डब्बू रतनानी के कैलेंडर के लिए कार्तिक आर्यन का हॉट अवतार, नेल पॉलिश लगाए हुए आए नज़र
हर साल डब्बू रतनानी के कैलेंडर फोटोशूट का इंतज़ार फैन्स को बेसब्री से रहता है क्योंकि सितारे उनके फोटोशूट में बिल्कुल अलग अवतार में नज़र आते हैं। डब्बू रतनानी, लगातार अपने इंस्टाग्राम पेज पर कैलेंडर 2021 के लिए सितारों के फोटोशूट की तस्वीरें शेयर कर रहे हैं और अब नंबर है कार्तिक आर्यन की तस्वीर का।
डब्बू रतनानी ने अपने इंस्टाग्राम पर 2021 कैलेंडर के लिए कार्तिक आर्यन की बेहद हॉट सी दिखने वाली एकदम कूल सी तस्वीर शेयर की। अब आप सोचेंगे हॉट और कूल एक साथ। तो आप खुद ही तस्वीर देख लीजिए। कार्तिक आर्यन नेल पॉलिश लगाए हुए पोज़ करते नज़र आ रहे हैं।

इस तस्वीर में कार्तिक आर्यन बेहद हॉट लग रहे हैं लेकिन उनका अंदाज़ बेहद कूल है। जैसेे कि उन्हें अपना काम छोड़कर किसी चीज़ से कोई फर्क नहीं पड़ता। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में कार्तिक आर्यन को लेकर काफी निगेटिव पब्लिसिटी हुई लेकिन इन सबके बीच कार्तिक आर्यन की चुप्पी ने सबका दिल जीत लिया।
कार्तिक चुपचाप अपना काम कर रहे हैं। उनके पास फिल्मों की भरमार है और इस समय वो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के उभरते हुए सितारे हैं। कार्तिक पिछली कुछ फिल्मों की सफलता के बाद अपनी फीस भी बढ़ा चुके हैं।

छोटी सी उम्र में बन चुके हैं ए लिस्ट स्टार
कार्तिक आर्यन ने कम उम्र में बॉलीवुड में बुलंदी पाई है। ऐसा बहुत ही कम लोगों के साथ हो पाता है। खासतौर से वो लोग जो बॉलीवुड से बाहर के हों, उनके लिए यहां पांव जमाना बेहद मुश्किल है। ऐसे में कार्तिक आर्यन ने जो किया है वो काबिले तारीफ है।

रातों रात मिली थी सफलता
कार्तिक ने शुरूआत की 2011 में प्यार का पंचनामा नाम की फिल्म से। इस समय कार्तिक आर्यन की उम्र थी केवल 21 साल। लेकिन फिल्म में कार्तिक का जादू और उनका लंबा चौड़ा डायलॉग काम कर गया और वो रातों रात फेमस हो गए।

एक डायलॉग से फेमस
प्यार का पंचनामा से कार्तिक आर्यन का monologue काफी फेमस हो गया और वो युवा वर्ग को भा गए। इसके बाद उनके लिए आगे का रास्ता काफी आसान था। इस फिल्म के लिए प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने उन्हें बेस्ट डेब्यू के लिए नॉमिनेट भी किया था।

करियर में उतार चढ़ाव
प्यार का पंचनामा के बाद कार्तिक आर्यन फिल्मों में औंधे मुंह गिरे। पहले आकाश वाणी और फिर सुभाष घई की कांची। दोनों ही फिल्में कब आईं और कब गईं किसी को पता नहीं चला। लेकिन कार्तिक आर्यन ने संघर्ष करना बंद नहीं किया।

पहला अवार्ड
कार्तिक आर्यन की किस्मत पलटी 2018 में सोनू के टीटू की स्वीटी के साथ। इस फिल्म ने रातों रात कार्तिक आर्यन को एक सफल बॉक्स ऑफिस स्टार बना दिया। वहीं फिल्म के लिए कार्तिक ने कई अवार्ड्स भी अपने नाम किए।

नहीं है ऑफर्स की कमी
बस तब से कार्तिक की गाड़ी जो चली तो रूकी ही नहीं। इसके बाद लुका छुपी और पति पत्नी वो के साथ कार्तिक झंडे गाड़ रहे हैं। ये लगातार उनकी तीसरी हिट फिल्म थी जिसके बाद उन्हें लव आजकल का करारा झटका लगा। लेकिन कार्तिक के पास इसके बावजूद ऑफर्स की कमी नहीं है।

अलग अलग फ्लेवर की फिल्में
9 साल के करियर में 8 फिल्में करने के बाद कार्तिक आर्यन सबके फेवरिट बन चुके हैं। एक तरफ वो अक्षय कुमार तक को भूल भुलैया सीक्वल में रिप्लेस कर चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ उनके पास जितनी भी फिल्में हैं सबका फ्लेवर एक दूसरे से काफी जुदा है। हंसल मेहता के लिए वो आईएएफ ऑफिसर बनेंगे तो राम माधवानी के लिए एक बम ब्लास्ट को रोकने की कोशिश करता एक जर्नलिस्ट।

मिल चुकी है फोर्ब्स में एंट्री
कार्तिक को वर्तमान में बॉलीवुड की हिट मशीन कहा जा रहा है। 2019 में उन्होंने फोर्ब्स इंडिया की शीर्ष 100 सूची में मुकाम हासिल किया था। अपनी विभिन्न बड़ी परियोजनाओं और कई ब्रांड विज्ञापनों के साथ कार्तिक आर्यन ने इस शानदार सूची में 67 वां स्थान प्राप्त किया था।

लोगों का मिल रहा है साथ
कार्तिक के पास फैन्स की भरमार है। यही कारण है कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट हमेशा फैन्स के दिल और प्यारी बातों से पटे पड़े रहते हैं। वहीं कार्तिक के बारे में निगेटिव खबरें सुनने के बाद सोशल मीडिया पर फैन्स भी मज़बूती से कार्तिक के साथ खड़े हैं।

कार्तिक आर्यन का नया मुकाम
इंडस्ट्री के कई बड़े नाम भी मज़बूती से कार्तिक आर्यन के साथ खड़े हैं। जहां साजिद नाडियाडवाला और एकता कपूर जैसे बड़े लोग उनकी फिल्में प्रोड्यूस कर रहे हैं वहीं संजय लीला भंसाली की हीरामंडी में भी कार्तिक आर्यन फाईनल हो चुके हैं। इसके अलावा उनका नाम कई बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ जुड़ रहा है जिसमें दीपिका पादुकोण तक शामिल हैं। कुल मिलाकर कार्तिक आर्यन अपनी स्टारडम को बेहतरीन ढंग से संभाल रहे हैं और बस उम्मीद है कि उनकी फिल्में भी फैन्स का उतना ही मनोरंजन करेंगी।
कार्तिक की तस्वीर देखकर सितारे भी उन पर फिदा हो चुके हैं और लगातार उनके इंस्टाग्राम पर कमेंट कर रहे हैं। कुछ ने ध्यान दिलाया कि कैसे वो इतने कूल अंदाज़ में नेल पॉलिश लगाए हुए दिख रहे हैं। वहीं फराह खान ने चुटकी लेते हुए उनसे पूछा - कुछ लेते क्यों नहीं?


Click it and Unblock the Notifications












