कार्तिक आर्यन की अगली फिल्म 'आशिकी 3', गाने की एक झलक के साथ जोरशोर से हुई घोषणा
कार्तिक आर्यन इन दिनों बैक टू बैक धमाका कर रहे हैं। भूल भुलैया 2 की बेजोड़ सफलता के बाद अभिनेता ने अपनी आगामी फिल्म शहज़ादा की शूटिंग खत्म कर ली है और अब वो फिल्म 'सत्यप्रेम की कथा' की शूटिंग भी शुरु कर चुके हैं। लेकिन इस बीच कार्तिक ने जोर शोर से अपनी अगली फिल्म की घोषणा की है, जो है आशिकी 3। कोई शक नहीं कि ये उनके फैंस के लिए बड़ी सरप्राइज है।
भूषण कुमार और मुकेश भट्ट के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन अनुराग बसु करेंगे। जबकि संगीत देंगे प्रीतम। अरिजित सिंह की आवाज में एक गाने के छोटे से टीजर के साथ फिल्म की घोषणा की गई है।

कार्तिक ने फिल्म का टीजर करते हुए लिखा- अब तेरे बिन जी लेंगे हम, ज़हर ज़िंदगी का पी लेंगे हम.. 🎶 #Aashiqui3 ❤️ This one is going to be Heart-wrenching !! बासु दा के साथ मेरी पहली फिल्म 🤗
फिल्म के बारे में बात करते हुए कार्तिक ने एक वेबसाइट से कहा, "आशिकी" एक टाइमलेस क्लासिक है, जिसे देखकर मैं बड़ा हुआ हूं और 'आशिकी 3' पर काम करना एक सपने के सच होने जैसा है। मैं इस अवसर के लिए भूषण कुमार और मुकेश भट्ट के साथ सहयोग करने के लिए सौभाग्यशाली और आभारी महसूस कर रहा हूं। मैं अनुराग बसु के काम का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं और इस पर उनके साथ सहयोग करना निश्चित रूप से मुझे कई तरह से प्रेरित करेगा।
गौरतलब है कि 1990 में आई फिल्म आशिकी सुपरहिट रही थी। राहुल रॉय और अनु अग्रवाल अभिनीत उस फिल्म के गाने लोगों की जुबान पर ऐसा चढ़े कि आज तक चर्चित हैं। फिर साल 2013 में, मोहित सूरी ने श्रद्धा कपूर और आदित्य रॉय कपूर अभिनीत 'आशिकी 2' के साथ फ्रैंचाइज़ी को आगे बढ़या। ये भी बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही और इसके भी गाने जबरदस्त चार्टबस्टर रहे।
चर्चा थी कि सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट तीसरे भाग में होंगे, लेकिन फिल्म कभी फ्लोर पर नहीं गई। बहरहाल, अब देखना दिलचस्प होगा कि कार्तिक के साथ किस अभिनेत्री की जोड़ी बनती है। बता दें, कार्तिक आर्यन की आने वाली फिल्मों में 'शहजादा', 'फ्रेडी', 'सत्यप्रेम की कथा' और 'कैप्टन इंडिया' भी शामिल है।


Click it and Unblock the Notifications












