कार्तिक आर्यन - कियारा आडवाणी की नई प्रेम कहानी: बदला सत्यनारायण की कथा का नाम, देखिए पहला लुक
प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन हाउस ने लगभग एक साल पहले, कार्तिक आर्यन के साथ एक शानदार म्यूज़िकल अनाउंस की थी। जितना दिलचस्प ये अनाउंसमेंट था उतना ही शानदार इस फिल्म का नाम था - सत्यनारायण की कथा। लेकिन नाम अनाउंस होते ही इस टाईटल को लेकर काफी बवाल होने लगा जिसके बाद फिल्म का नाम बदलने का एलान किया गया।
अब कियारा आडवाणी के जन्मदिन के मौके पर कार्तिक आर्यन ने इस फिल्म से अपनी और कियारा की एक तस्वीर के साथ फिल्म का नाम अनाउंस किया है। फिल्म का नया नाम है - सत्यप्रेम की कथा। फिल्म में कार्तिक आर्यन सत्यप्रेम नाम के एक लड़के की भूमिका में हैं और कियारा आडवाणी उनकी प्रेमिका कथा की भूमिका में।

इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं समीर विध्वंस जो अपनी पिछली मराठी फिल्म के लिए नेशनल अवार्ड जीत चुके हैं। वहीं इस फिल्म के लेखक हैं करण शर्मा। कियारा आडवाणी और कार्तिक आर्यन की जोड़ी, भूल भुलैया 2 जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद अब सत्यप्रेम की कथा में रोमांस करती दिखाई देगी।

बॉक्स ऑफिस सुपरस्टार बने कार्तिक
कार्तिक आर्यन को भूल भुलैया 2 की सफलता के बाद बॉक्स ऑफिस स्टार का तमगा मिल चुका है। उन्होंने बॉलीवुड को उसकी 100वीं 100 करोड़ी फिल्म दी है और कार्तिक को भी फिल्म की बॉक्स ऑफिस सफलता को इंजॉय करने में काफी मज़ा आया है। उन्होंने लगातार 100 करोड़, 150 करोड़ के अपडेट वाले पोस्ट भी शेयर किए हैं। गौरतलब है कि कोरोना काल के बाद बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड फिल्में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही थीं। चर्चा थी तो केवल साउथ की फिल्मों की। इनमें केजीएफ 2, पुष्पा और RRR जैसी फिल्मों ने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर भी तबाही मचा दी थी। बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार बॉक्स ऑफिस पर दो बार औंधे मुंह गिर पड़े। लेकिन अगर बॉलीवुड मसाला फिल्मों की इज़्जत किसी ने बचाई तो अनीस बज़्मी की फिल्म भूल भुलैया 2 ने। इसके बाद से कार्तिक आर्यन को अगला सुपरस्टार बताया जा रहा है।

9 सालों में ढेरों हिट फिल्में
देखा जाए तो 9 सालों के करियर में कार्तिक आर्यन की सफलता का रेट काफी बढ़िया रहा है। करियर की शुरूआत हुई थी प्यार का पंचनामा के साथ जो कि स्लीपर हिट थी। इसके बाद कार्तिक की दो फिल्में आकाशवाणी और कांची फ्लॉप हुई। मगर इसके बाद कार्तिक ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। जहां गेस्ट इन लंदन ने एवरेज कमाई की वहीं प्यार का पंचनामा 2, लुका छुपी, सोनू के टीटू की स्वीटी और पति पत्नी और वो सुपरहिट थी।

पास में है ढेरों फिल्मों के ऑफर
जिस समय कार्तिक आर्यन से जुड़े ढेरों विवाद सुर्खियों में थे उस वक्त, प्रोड्यूसर कुमार मंगत ने कार्तिक आर्यन का साथ देते हुए बताया था - वो बेहद सुलझे हुए इंसान हैं। उनके सर पर ना तो स्टारडम चढ़ी है और ना ही वो गैर ज़िम्मेदाराना है। कुमार मंगत ने कहा कि कार्तिक, आज भी जहां भी मिलते हैं, पांव छूने के बाद ही बाद करते हैं। कार्तिक ने आज तक कभी किसी स्क्रिप्ट में बदलाव नहीं मांगा है। दोस्ताना 2 से निकाले जाने के बावजूद, कार्तिक आर्यन को इंडस्ट्री का पूरा साथ मिला। जहां एक तरफ उन्हें एकता कपूर ने फ्रेडी नाम की फिल्म ऑफर की वहीं साजिद नाडियाडवाला ने उन्हें सत्यनारायण की कथा ऑफर की। हंसल मेहता के एक प्रोजेक्ट के लिए भी कार्तिक आर्यन को तुरंत फाईनल कर दिया गया।

मिला है सफलता का ईनाम
भूल भुलैया 2 के सुपरहिट होने की खुशी में फिल्म के प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने कार्तिक आर्यन को एक शानदार स्पोर्ट्स कार गिफ्ट की है।ये भारत की पहली McLaren GT है और कार्तिक इसे पाकर काफी खुश हैं। गौरतलब है कि कार्तिक को भूषण कुमार के इस तोहफे की कीमत लगभग 4.7 करोड़ रूपये है। अब कार्तिक अपने करियर में बॉक्स ऑफिस स्टार के इस तमगे को कितना संभाल पाते हैं ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

बॉक्स ऑफिस स्टार कियारा आडवाणी
अगर आने वाली फिल्मों की बात करें तो कियारा आडवाणी के पास भी इस समय प्रोजेक्ट्स की भरमार है। वो वरूण धवन के साथ जुग जुग जियो में दिखाई देने के बाद अब वो विकी कौशल के साथ मिस्टर लेले की शूटिंग खत्म कर चुकी हैं। इसके अलावा कियारा आडवाणाी, आशुतोष गोवारिकर की फिल्म कुर्रम कुर्रम में लीड किरदार में दिखाई देंगी। रणवीर सिंह स्टारर अन्नियन रीमेक में भी कियारा आडवाणी का नाम जुड़ा था। वो फिल्म अब भले ही ना बन रही हो लेकिन कियारा, शंकर की एक फिल्म रणवीर सिंह के साथ ज़रूर कर रही हैं।

धर्मा प्रोडक्शन्स की चहेती कियारा
कियारा आडवाणी इस समय धर्मा प्रोडक्शन्स की चहेती बन चुकी हैं। सबसे पहले वो नज़र आई थीं करण जौहर की लस्ट स्टोरीज़ में। इसके बाद वो नेटफ्लिक्स ओरिजिनल फिल्म गिल्टी में दिखाई दीं। और फिर उन्होंने दिलजीत दोसान्ज्ह के अपोज़िट गुड न्यूज़ की चुलबुली पंजाबी वाईफ बनकर फैन्स का दिल जीता। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा खासा प्रदर्शन किया। इसके बाद कियारा को धर्मा प्रोडक्शन्स की जुग जुग जियो और गोविंदा नाम मेरा के लिए साइन किया गया।

शेरशाह ने बनाया ओटीटी क्वीन
धर्मा प्रोडक्शन्स की ही शेरशाह में कियारा आडवाणी सिद्धार्थ मल्होत्रा के अपोज़िट दिखाई दीं। इस फिल्म की सफलता ने रातों रात कियारा आडवाणी को ओटीटी की भी क्वीन बना दिया। डिंपल छीमा के उनके किरदार ने फैन्स का दिल जीत लिया वहीं सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ उनकी केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया। खबरें हैं कि आने वाले समय में वो कबीर सिंह सीक्वल में भी दिखाई दे सकती हैं।

बॉक्स ऑफिस सफलता इंजॉय कर रहीं कियारा
दिलचस्प है कि कियारा आडवाणी इस समय आलिया भट्ट के बाद इकलौती हीरोइन हैं जो कोरोना काल के बाद से बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। जहां कियारा ने भूल भुलैया 2 जैसी ब्लॉकबस्टर के साथ बॉक्स ऑफिस पर कब्ज़ा किया वहीं उनकी अगली फिल्म जुग जुग जियो भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर तारीफें बटोर ले गईं। अब कियारा की अगली फिल्म से वो बॉक्स ऑफिस पर हिट फिल्मों की हैट्रिक लगा सकती हैं।


Click it and Unblock the Notifications