Suniel Shetty welcomes Kartik Aaryan: कार्तिक आर्यन हेरा फेरी 3 के लिए ज़बरदस्त रहेगा: सुनील शेट्टी

Suniel Shetty welcomes Kartik Aaryan: कुछ ही दिनों पहले, परेश रावल ने सोशल मीडिया पर एक फैन का जवाब देते हुए अपनी सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाईज़ी हेरा फेरी 3 में कार्तिक आर्यन का स्वागत किया था। और अब सुनील शेट्टी ने भी फिल्म में आखिरकार कार्तिक आर्यन का बांहें फैलाकर स्वागत किया है। अपनी वेब सीरीज़ धारावी बैंक के प्रमोशन के साथ साथ सुनील शेट्टी हेरा फेरी 3 विवाद पर खुलकर बात कर रहे हैं।
अब एक बार फिर से उन्होंने एक इंटरव्यू में फिल्म में कार्तिक आर्यन के होने की बात स्वीकार कर ली है और इस बार कार्तिक आर्यन को उनके हक का स्टारडम भी दिया है। सुनील शेट्टी ने एक इंटरव्यू में कहा, कार्तिक आर्यन हेरा फेरी 3 के लिए ज़बरदस्त चॉइस हैं। हालांकि, सुनील शेट्टी ने इसके साथ ये भी कंफर्म किया कि कार्तिक फिल्म में राजू नहीं बनेंगे।
सुनील शेट्टी ने इस बयान में कहा - कार्तिक फिल्म में राजू के किरदार में नहीं दिखाई देगा। कार्तिक इस फिल्म सीरीज़ में बिल्कुल नया किरदार होगा और मुझे यकीन है कि वो अपने इस नए किरदार में अपनी एनर्जी से पूरी फिल्म को रोशन कर देगा।

राजू को कोई रिप्लेस नहीं कर सकता
हाल ही में एक और इंटरव्यू में जब सुनील शेट्टी से पूछा गया था कि क्या हेरा फेरी 3 में कार्तिक आर्यन अक्षय कुमार को रिप्लेस कर रहे हैं तो सुनील शेट्टी ने दो टूक जवाब दिया था कि राजू को कोई रिप्लेस नहीं कर सकता है। अब राजू यानि कि अक्षय कुमार और फिरोज़ भाई (फिल्म के प्रोड्यूसर फिरोज़ नाडियाडवाला) को अपने बीच के मनमुटाव और गलतफहमियां सुलझानी हैं।

खुद भी मान चुके हैं ये बात
अपनी फिल्म भूल भुलैया 2 के प्रमोशन के दौरान, कार्तिक आर्यन खुद भी ये बात मान चुके हैं कि वो किसी भी तौर पर अक्षय कुमार को रिप्लेस करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं क्योंकि वो ऐसा कर ही नहीं पाएंगे। कार्तिक ने उस समय ये भी माना था कि उनके ऊपर काफी प्रेशर है क्योंकि वो ऐसी फिल्म कर रहे हैं जिसे अक्षय कुमार महान बना चुके हैं और उस स्तर के साथ अपनी फिल्म को देख पाना उनके लिए बहुत मुश्किल भरा सफर है।

खुद को किया साबित
लेकिन कार्तिक आर्यन ने भूल भुलैया 2 के साथ ये साबित किया कि उनमें दम है। उतना, जितने में वो एक अक्षय कुमार की फिल्म के सीक्वल को अक्षय कुमार के बिना चलाने की हिम्मत रख सकते हैं। भुल भुलैया 2 के ब्लॉकबस्टर होते ही कार्तिक आर्यन को अक्षय कुमार का उत्तराधिकारी माना जाने लगा। फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान का तो ये भी कहना था कि कार्तिक आर्यन आने वाली कई सीक्वल फिल्मों में अक्षय कुमार को रिप्लेस करेंगे जिसमें हाउसफुल 5 भी शामिल होगी। हाउसफुल ना सही लेकिन हेरा फेरी 3 में कार्तिक आर्यन की एंट्री हो चुकी है।

सुपरस्टार ऑफ द ईयर कार्तिक आर्यन
गौरतलब है कि कार्तिक आर्यन को हाल ही में सुपरस्टार ऑफ द ईयर अवार्ड के साथ सम्मानित किया गया। और देखा जाए तो वाकई इस साल के सुपरस्टार कार्तिक आर्यन हैं जिन्होंने अकेले बॉलीवुड की इज़्जत बचाई है। जहां अक्षय कुमार से लेकर रणवीर सिंह जैसे स्टार्स टिकट खिड़की पर औंधे मुंह गिरे और बार बार गिरे वहीं कार्तिक आर्यन अपनी फिल्म भूल भुलैया 2 के साथ टिकट खिड़की पर बिकते रहे।

कार्तिक आर्यन के बॉलीवुड में 9 साल
भूल भुलैया 2 की सफलता के बाद उन्हें बॉक्स ऑफिस स्टार का तमगा मिल चुका है। उन्होंने बॉलीवुड को उसकी 100वीं 100 करोड़ी फिल्म दी है और कार्तिक को भी फिल्म की बॉक्स ऑफिस सफलता को इंजॉय करने में काफी मज़ा आया। उन्होंने लगातार 100 करोड़, 150 करोड़ के अपडेट वाले पोस्ट भी शेयर किए। देखा जाए तो 9 सालों के करियर में कार्तिक आर्यन की सफलता का रेट काफी बढ़िया रहा है।

कर रहे हैं एक्सपेरिमेंट
इस समय कार्तिक आर्यन के पास प्रोजेक्ट्स की भरमार हैं और उन्हें लगातार नए प्रोजेक्ट्स ऑफर हो रहे हैं। कार्तिक आर्यन जहां अला वैकुंठपुरामुलू रीमेक शहज़ादा में व्यस्त हैं तो दूसरी तरफ वो सत्यप्रेम की कथा की शूटिंग भी कर रहे हैं। इन दोनों फिल्मों से पहले रिलीज़ होनी है कार्तिक आर्यन की फ्रेडी जो कि सीधा ओटीटी पर रिलीज़ होगी। इसके बाद कार्तिक आर्यन, हंसल मेहता की रियल लाइफ हीरो फिल्म कैप्टन इंडिया में दिखाई देंगे तो कबीर खान की फिल्म में ज़बरदस्त एक्शन करते हुए दिखेंगे। वहीं टिपिकल रोमांटिक बॉय बनते हुए कार्तिक आर्यन आशिकी 3 का भी हिस्सा बन चुके हैं और उनका नाम तेज़ाब रीमेक से भी जोड़ा जा रहा है।

परेश रावल ने किया स्वागत
इससे पहले, परेश रावल भी हेरा फेरी 3 में कार्तिक आर्यन का स्वागत कर चुके हैं। हालांकि, उन्होंने कार्तिक के बारे में कोई बात नहीं की लेकिन ये बात सबसे पहले परेश रावल ने ही कंफर्म की थी कि हेरा फेरी 3 अब कार्तिक आर्यन के साथ बन रही है। शायद यही कारण था कि सुनील शेट्टी ये सुनकर चौंक गए क्योंकि कुछ समय पहले तक हेरा फेरी 3 अक्षय कुमार के पास थी और वो ये फिल्म कर रहे थे लेकिन अक्षय ने अचानक ये फिल्म छोड़ दी और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।


Click it and Unblock the Notifications











