कार्तिक आर्यन, अक्षय कुमार को हाउसफुल 5 में रिप्लेस करने जा रहे हैं - केआरके ने फिर किया अजीब सा दावा
कंट्रोवर्सी और विवादों के बादशाह कमाल आर खान ने एक बार फिर से कुछ ऐसा कहा है कि बॉलीवुड फैन्स में हलचल मच गई। दरअसल, भूल भुलैया 2 की सफलता के बाद कमाल आर खान का दावा है कि भूल भुलैया के बाद कार्तिक आर्यन, अक्षय कुमार को एक और फिल्म से रिप्लेस कर चुके हैं। केआरके ने ट्वीट करते हुए लिखा - मैं आज ये कंफर्म करता हूं कि कार्तिक आर्यन हाउसफुल 5 करेंगे जो कि अक्षय कुमार की फ्रेंचाइज़ी फिल्म है।
अक्षय कुमार पर तंज कसते हुए केआरके ने लिखा - अक्षय कुमार के बॉलीवुड करियर के अंत की शुरुआत यहीं से होती है। अक्की भाई आप बहुत अच्छे आदमी थे, ऊपरवाला आपको खुश रखे। कनाडा में मुलाकात होगी।

इस बात पर अक्षय कुमार फैन्स ने केआरके को जवाब देते हुए कहा - भूल भुलैया 2 केवल इसलिए चल रही है क्योंकि भूल भुलैया एक सफल फिल्म थी जिसकी सफलता का पूरा श्रेय अक्षय कुमार को जाता है। गौरतलब है कि भूल भुलैया 2 की रिलीज़ के साथ ही केआरके अनीस बज़्मी और कार्तिक आर्यन की इस फिल्म को पूरा सपोर्ट कर रहे हैं। उन्होंने जहां फिल्म को अच्छे रिव्यू दिए वहीं एक ट्वीट में अनीस बज़्मी को भी बॉक्स ऑफिस पर वापसी करने की बधाई दी।
इसी के साथ भूल भुलैया 2 के लाइफटाइम बॉक्स ऑफिस पर कयास लगाते हुए केआरके ने लिखा - भूल भुलैया 2 ने शनिवार को इतनी कमाई की और 100 करोड़ का कलेक्शन पार कर लिया है। अब ये फिल्म 200 करोड़ तक की कमाई कर सकती है क्योंकि पृथ्वीराज तो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप होगी। ये अनीस बज़्मी और कार्तिक आर्यन के लिए काफी बड़ी उपलब्धि है।

किताब को लेकर कई सेलिब्रिटी हुए ट्रोल
गौरतलब है कि कमाल आर खान, अपनी बायोग्राफी लॉन्च कर रहे हैं और उनकी इस किताब को बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने प्रमोट किया था। इसके बाद अमिताभ बच्चन को काफी ट्रोल भी किया गया। लेकिन केआरके की किताब, अमिताभ बच्चन सहित कई बड़े एक्टर्स प्रमोट कर चुके हैं जिनमें अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, टाईगर श्रॉफ और संजय दत्त जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

सिद्धार्थ मल्होत्रा पर साधा निशाना
एक्ट्रेस कियारा आडवाणी ने भी केआरके की किताब को प्रमोट किया था। लेकिन केआरके ने एक ट्वीट में बताया कि कियारा ने उनकी किताब को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करने के 10 मिनट के अंदर ही डिलीट कर दिया। कियारा ने कहा कि सिद्धार्थ मल्होत्रा केआरके की किताब शेयर करने से नाराज़ हैं। ये सारी बातें केआरके ने खुद अपने सोशल मीडिया पर शेयर कीं और सिद्धार्थ मल्होत्रा को टैग करके पूछा कि वो किसी के पीछे छिप कर उन पर वार क्यों कर रहे हैं।

कई बार कर चुके हैं भविष्यवाणी
गौरतलब है कि केआरके, इंडस्ट्री में कई लोगों के बारे में भविष्यवाणी कर चुके हैं। जहां उन्होंने कंगना रनौत की इंदिरा गांधी फिल्म इमरजेंसी को कंगना रनौत की 12वीं फ्लॉप फिल्म कहा वहीं उन्होंने एक भविष्यवाणी में बताया है कि निक जोनस और प्रियंका चोपड़ा का 15 सालों में तलाक हो जाएगा। केआरके ये भी बता चुके हैं कि करीना कपूर खान और सैफ अली खान के दोनों बच्चे तैमूर और जेह, बॉलीवुड के फ्लॉप एक्टर्स हैं। ऐसे बयानों के कारण, केआरके को अक्सर फैन्स की गालियां सहनी पड़ती हैं।

सलमान खान ने किया है मानहानि का केस
सलमान खान तो केआरके पर मानहानि का केस कर चुके हैं। ये केस, केआरके के सलमान खान के गाने और उनकी फिल्म राधे को रिव्यू करने के बाद किया गया। केआरके ने अपने वीडियो में सलमान खान को एक 25 साल की हीरोइन से रोमांस करने के लिए ट्रोल किया था वहीं उन्होंने हाथ जोड़कर सलमान खान से गुज़ारिश की थी और कहा था कि सलमान खान कृपया करके गाना गाना बंद कर दीजिए।

दिया था जवाब
सलमान खान को जवाब देते हुए केआरके ने लिखा था - ये नोटिस बताता है कि आप कितने हताश और निराश हैं।साथ ही केआरके ने सलमान खान को ये भी सलाह दी कि आप बेहतर फिल्में बनाईए तो मैं खराब रिव्यू देना बंद कर दूंगा। मैं केवल एक समीक्षक के तौर पर अपना काम कर रहा हूं। लेकिन फिर केआरके ने मन बदल दिया और वादा भी किया कि अगर सलीम खान चाहें तो वो आगे से सलमान खान की फिल्मों का रिव्यू नहीं करेंगे और पुराने रिव्यू भी डिलीट कर देंगे। इसके बाद केआरके अक्सर सलमान खान के खिलाफ लिख ही देते हैं। सलमान खान को ज़हर कांटने की खबर सुनकर केआरके ने मज़ाक भी किया कि वो सांप मर गया होगा क्योंकि सलमान खान में सांप से ज़्यादा ज़हर है।

कंगना को भी दी थी गटर में ना रहने की सलाह
राज कुंद्रा केस के बाद कंगना रनौत ने बॉलीवुड को गटर कहते हुए लिखा था - राज कुंद्रा को निशाने पर लेते हुए कंगना रनौत ने लिखा था कि.. "यही कारण है कि मैं इंडस्ट्री को गटर कहती हूं। हर चमकने वाली चीज सोना नहीं होती। इसका जवाब देते हुए केआरके ने कंगना को गटर छोड़ने की सलाह दी थी और लिखा था - "मुझे इस बात से कोई दिक्कत नहीं है कि कंगना रनौत गटर कहकर बॉलीवुड को बुलाती हैं। लेकिन मेरा सवाल सिर्फ ये है कि वो इस गटर में क्या कर रहीं हैं? मनाली ज्यादा खूबसूरत है इसलिए उनको गटर छोड़कर वहीं रहना चाहिए। आखिर किस मजबूर के चलते कंगना रनौत इस गटर में हैं?"

शाहरूख खान का दिया साथ
गौरतलब है कि बॉलीवुड में केआरके बहुत ही कम लोगों की तारीफें करते दिखते हैं और इनमें शाहरूख खान शामिल हैं। आर्यन खान ड्रग्स केस के दौरान, केआरके शाहरूख खान और आर्यन का सपोर्ट करते दिखे थे और उन्होंने NCB से सवाल पूछा था कि एक रेड के लिए NCB ने 20 लाख रूपये केवल इसलिए खर्च किए क्योंकि उन्हें पता था कि क्रूज़ पर आर्यन खान मिलेंगे।


Click it and Unblock the Notifications












