'भूल भुलैया 2' की शूटिंग के लिए तैयार हैं कार्तिक- कियारा, लेकिन निर्देशक को आ रही है ये मुसीबत!
धीरे धीरे देश के हर शहर से लॉकडाउन हटाया जा रहा है। लोग काम पर लौट रहे हैं। सरकार ने 15 अक्टूबर से देश भर में सिनेमाघरों के खोलने की अनुमति भी दे दी है। साथ ही कुछ नियम- कानून भी रखे गए हैं। जाहिर है इस खबर से निर्माता- निर्देशकों ने भी राहत की सांस ली है और एक बार फिर सभी ने फिल्म की शूटिंग पर लौटना शुरु कर दिया है।
एक ओर जहां अक्षय कुमार ने शूटिंग के लिए ओवरसीज की ओर रुख किया है, वहीं कई सितारे और निर्माता इंडोर शूटिंग ही करना पसंद कर रहे हैं। खबरों की मानें तो कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी जल्द ही अपनी फिल्म भूल भुलैया 2 की शूटिंग शुरु करने वाले हैं।

इस पर बात हुए अनीस बज्मी ने मिड डे को बताया है कि शूटिंग के लिए कई प्लॉट पहले ही बुक हो चुके हैं। ऐसे में अब मुंबई में सेट बनाने के लिए एक प्रॉपर्टी ढूढना आसान नहीं रह गया है क्योंकि लगभग सभी प्रोड्यूसर्स अब जल्दी जल्दी अपनी फिल्म खत्म कराना चाह रहे हैं। वहीं, कुछ नए प्रोजेक्ट्स भी शुरु हो रहे हैं।
बहरहाल, निर्देशक ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही वो लोकेशन फाइनल कर लेंगे ताकि सेट निर्माण का काम शुरु किया जा सके। फिलहाल 15 दिनों की शूटिंग बची है।
भूल भुलैया 2 पहले 31 जुलाई 2020 को रिलीज होने वाली थी। लेकिन लॉकडाउन की वजह से पोस्टपोन हो गई। अब फैंस को नए रिलीज डेट के घोषणा का इंतजार है। अपने रोल पर बात करते हुए कार्तिक ने कहा है कि वो अक्षय कुमार की जगह लेने की कोशिश नहीं करेंगे, बल्कि अपने तरीके से इस रोल को निभाएंगे। कार्तिक ने बताया कि उनके ऊपर लोगों की उम्मीदों का बोझ है। और वो पूरी कोशिश कर रहे हैं कि पूरी ईमानदारी से इस फिल्म को सफलता की ओर ले जा पाएं।


Click it and Unblock the Notifications