जूलिया रॉबर्ट्स की राह पर करीना कपूर

करीना कपूर कहती हैं कि जिस तरह से हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स ने अपने करियर को तराशा है वो भी कुछ उसी तरह से अपने करियर को संवारना चाहती हैं.
करीना कहती हैं कि अगर आज जूलिया एक अंतर्राष्ट्रीय नाम हैं तो उसकी वजह है सही फ़िल्मों और किरदारों का चुनाव. वो कहती हैं कि जूलिया पहले एक अच्छी कलाकार हैं फिर एक स्टार.
इस हफ्ते रिलीज़ हो रही फ़िल्म 'वी आर फैमिली' हॉलीवुड फ़िल्म स्टेपमॉम का हिंदी रूपांतर है.
स्टेपमॉम की जूलिया रॉबर्ट्स वाली भूमिका वी आर फैमिली में करीना कपूर निभा रही हैं. फ़िल्म के निर्माता हैं करण जौहर. इस फ़िल्म से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा है सिद्धार्थ मल्होत्रा ने. सिद्धार्थ करीना के रिश्तेदार हैं.
करीना कहती हैं कि सिद्धार्थ चाहते थे कि जूलिया की भूमिका वो ही निभाएं. करीना कहती हैं कि सिद्धार्थ एक बेहद ही संवेदनशील निर्देशक हैं और उन्होंने जो फ़िल्म बनाई है वो रिश्तों के बारे में हैं और लोगो को ज़रूर पसंद आयेगी.
वी आर फैमिली है तो हॉलीवुड फ़िल्म स्टेपमॉम का हिंदी रूपांतरण लेकिन इस फ़िल्म को हिंदी फ़िल्मों की ज़रूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है. करीना कहती हैं कि इस फ़िल्म में गाने हैं, नाच है और ढेर सारे भावुक करने वाले दृश्य हैं.
फ़िल्म में करीना कपूर के साथ हैं काजोल और अर्जुन रामपाल. करीना कहती हैं कि काजोल के साथ काम करना एक सपने के सच होने जैसा है.
काजोल कि तारीफ करते नहीं थकती करीना. वो कहती हैं कि एक बेहतरीन अदाकारा हैं काजोल और उनके साथ काम करने में उन्हें बेहद मज़ा आया. और अब जब फ़िल्म पूरी हो चुकी है तो काजोल और करीना को एक दूसरे कि कमी खलने लगी है.
जहाँ तक अर्जुन रामपाल कि बात है तो करीना कहती हैं कि एक महिला प्रधान फ़िल्म होने के बावजूद अर्जुन ने अपने किरदार को बख़ूबी निभाया है. और अब तो करीना और अर्जुन खास दोस्त हैं.
फ़िल्म कि शूटिंग लंदन में हुई है. लंदन को करीना घर जैसा बताती हैं और कहती हैं कि वहां शूटिंग करना उन्हें हमेशा ही अच्छा लगता है.


Click it and Unblock the Notifications