जिन्हें अवॉर्ड मिलना चाहिए था वो घर में पिज़ा खा रहे थे

अजय देवगन और मधुर भंडारकर के बाद अब करीना कपूर ने भी कहा है कि अवॉर्ड तभी मिलता है जब आप अवॉर्ड फ़ंक्शन पर जाते हैं.
अजय देवगन और निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर के बाद अब करीना कपूर ने भी कहा है कि अवॉर्ड तभी मिलता है जब आप अवॉर्ड फ़ंक्शन पर जाते हैं.
करीना ने ये बात हाल ही में एक किताब के लॉन्च पर कही.
पत्रकारों द्वारा ये पूछे जाने पर कि उनकी फ़िल्म ‘गोलमाल 3’ में उनके अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें अब तक एक भी अवॉर्ड क्यों नहीं मिला, करीना ने कहा, “मैं इस बार एक भी अवार्ड समारोह में नहीं जा पाई. जो जाता है, उसे मिल जाता है. मुझे कई आयजकों ने आने के लिए कहा था लेकिन मैं स्विटज़रलैंड में परिवार के साथ छुट्टियां मना रही थी इसलिए नहीं जा पाई.”
हालांकि करीना के लिए अवॉर्ड पाना बहुत ज़रूरी नहीं है लेकिन साथ ही वो ये भी कहती हैं, “जो नहीं जाता, उसका नाम कभी नहीं लिया जाता, जो जाता है, उसे अवॉर्ड मिल जाता है. जिनको नहीं मिलना चाहिए, उनको अवॉर्ड मिल रहा है, जिनको मिलना चाहिए वो बेचारे घर में बैठ कर पिज़ा खा रहे हैं.”
हाल ही में अजय देवगन और निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने भी अवॉर्ड न मिलने की वजह पूछे जाने पर कहा था कि समारोह में जाने पर ही अवॉर्ड दिए जाते हैं.
करीना की गिनती बॉलीवुड की सबसे सफल और चोटी की अभिनेत्रियों में होती है. वो ख़ुद को ख़ुशकिस्मत मानती हैं कि वो अपनी पसंद के मुताबिक कहानी और रोल चुन सकती हैं.
करीना कहती हैं, “मैं वही करती हूं जो मुझे पसंद आता है, जिस किरदार में मैं सहज महसूस हूं, मैं वही चुनती हूं.”
करीना ने बॉलीवुड के सभी बड़े ख़ान—सलमान, शाहरुख़ और आमिर—के साथ काम किया है. शाहरुख़ ख़ान की नई फ़िल्म ‘रा वन’ में उनकी मुख्य भूमिका है और वो सलमान ख़ान के साथ ‘बॉडीगार्ड’ नाम क एक फ़िल्म में काम कर रही हैं.
इन सभी के साथ काम करने के बारे में वो कहती हैं, “चाहे वो सलमान हो या शाहरुख़, मुझे उनके साथ काम करना अच्छा लगता है .लोग मुझे इन अभिनेताओं के साथ देखना पसंद करते हैं इसलिए हमें एक साथ लिया जाता है.”


Click it and Unblock the Notifications











