करीना कपूर खान लॉन्च करेंगी नीना गुप्ता की आत्मकथा 'सच कहूं तो', जानिए डीटेल्स
नीना गुप्ता पिछले एक साल से अपनी आत्मकथा पर काम कर रही हैं और अब उनकी किताब, 'सच कहूं तो' 14 जून को लॉन्च हो रही है और इसका विमोचन करेंगी खुद करीना कपूर खान। नीना गुप्ता ने खुद ये खबर इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए बताया कि करीना उन्हें बेहद पसंद है और करीना के हाथों अपनी किताब का विमोचन करवाने के लिए वो काफी उत्साहित हैं।
सच कहूं तो, पेनग्विन बुक्स पब्लिश कर रही हैं जहां नीना गुप्ता ने अपनी ज़िंदगी के संघर्ष की कहानी बयां की हैं। नेेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में पढ़ाई से लेकर मसाबा की सिंगल मॉम बनने तक और फिर काम ना मिलने पर खुलकर काम मांगने तक नीना ने इस किताब में सब कुछ बयां किया है।

कुछ दिन पहले एक पोस्ट में नीना ने बताया था कि मसाबा के जन्म के समय उनके अकाउंट में ज़्यादा पैसे नहीं थे और अगर डॉक्टर उन्हें ऑपरेशन करने को कहता तो वो पैसे नहीं दे पातीं। वहां से लेकर आज सबसे ज़्यादा पसंद की जाने वाली सीनियर एक्टर बनने तक नीना गुप्ता का सफर शानदार रहा है।

फिल्मों से की थी शुरूआत
नीना गुप्ता ने अपने करियर की शुरूआत हिंदी फिल्मों से की थी। उनकी पहली फिल्म 1982 में आई थी जिसका नाम था साथ साथ। इसके बाद नीना गुप्ता ने लगभग 10 सालों तक फिल्मों में छोटे छोटे रोल किए जिनमें गांधी, जाने भी दो यारों, उत्सव और मंडी जैसी फिल्में शामिल हैं।

सुभाष घई ने दिलाई पहचान
नीना गुप्ता को पहचान दिलाई सुभाष घई ने। उनकी फिल्म खलनायक में नीना गुप्ता ने चंपा दीदी का किरदार निभाया और उनका गाना चोली के पीछे क्या है, रातों रात फेमस हो गया। इसके बाद 1994 में आई फिल्म वो छोकरी के लिए नीना को नेशनल अवार्ड भी मिला लेकिन उनका संघर्ष कम नहीं हुआ।

एक अफेयर से बदली ज़िंदगी
गौरतलब है कि 80 के दशक में वेस्ट इंडीज़, भारत के दौरे पर था और इस दौरान, नीना गुप्ता की मुलाकात क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स से हुई। दोनों की दोस्ती जल्दी ही प्यार में बदल गई और वो रिलेशनशिप में आ गए। हालांकि विवियन शादीशुदा थे। इस दौरान नीना प्रेगनेंट हुईं लेकिन विवियन ने उनसे शादी करने से इंकार कर दिया।

अकेले ही ली मसाबा की ज़िम्मेदारी
ऐसे में नीना गुप्ता ने अकेले मसाबा को जन्म देने का फैसला किया था। इस दौरान वो दिल्ली से मुंबई आ गईं और काम करने लगीं। उनकी मां का देहांत काफी पहले हो चुका था। लेकिन पिता ने उनका साथ नहीं छोड़ा और मुंबई आकर उनके साथ रहने लगे। उन्होंने ही मसाबा की परवरिश में नीना की मदद की।

महेश भट्ट ने दिया सुझाव
नीना गुप्ता की ज़िंदगी जितनी कंट्रोवर्शियल रही है उतनी ही मज़बूती से नीना ने अपने संघर्षों का सामना किया। उनके जीवन में जितने उतार चढ़ाव रहे और नीना ने जिस तरह इनका डटकर मुकाबला किया वो किसी के लिए भी प्रेरणा बन सकते हैं। यही कारण था कि महेश भट्ट ने नीना गुप्ता को अपनी कहानी लिखने का सुझाव दिया।

बहुत ज़्यादा हिम्मत जुटानी पड़ी
नीना गुप्ता ने एक इंटरव्यू में बताया कि वो कभी इस बात की हिम्मत ही नहीं जुटा पाईं। लोगों को लगता है कि बिन ब्याही मां बनकर उन्होंने एक बहुत कठिनाई बड़ा जीवन बड़ी हिम्मत से जी लिया। लेकिन असली सच्चाई बताने के लिए उन्हें काफी हिम्मत जुटानी पड़ी।

दूसरी शादी से जीवन में खुशियां
साल 2008 में नीना गुप्ता ने विवेक मेहरा नाम के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट से शादी कर ली। हालांकि नीना के पोस्ट में विवेक की तस्वीरें काफी कम दिखती हैं। दोनों अपनी ज़िंदगी काफी निजी रखते हैं।

पति देते हैं साथ
गौरतलब है कि नीना गुप्ता ने धमाकेदार वापसी की थी अमित शर्मा की फिल्म बधाई हो के साथ जिसमें वो 50 साल से ऊपर उम्र में प्रेगनेंट महिला के किरदार में दिखीं थीं। इस रोल के लिए उन्हें ढेरों अवार्ड्स मिले। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवार्ड भी। उस अवार्ड शो में नीना का उत्साह बढ़ाने उनके पति भी मौजूद थे।

मसाबा मसाबा 2
नीना गुप्ता की बेटी मसाबा भी अकसर अपनी मां और उनके पति के साथ दिखाई दे जाती हैं। नीना गुप्ता और मसाबा गुप्ता ने पिछले साल मसाबा मसाबा सीरीज़ के साथ दिल जीता। अब दोनों इस सीरीज़ के दूसरे सीज़न की तैयारी कर रहे हैं।

नई नीना गुप्ता
नीना गुप्ता आजकल अपना करियर और उम्र दोनों ही बिल्कुल नए सिरे से जी रही हैं। और उनकी फैन फॉलोइंग में भी तेज़ी से इज़ाफा। ये नई नीना गुप्ता फैन्स को और ज़्य़ादा पसंद आ रही हैं। आपको छोड़ जाते हैं नीना जी की इस प्यारी सी तस्वीर के साथ।


Click it and Unblock the Notifications