करीना कपूर खान ने मालदीव्स से शेयर की जेह - तैमूर के साथ जन्मदिन की तस्वीर, किया है एक वादा
करीना कपूर खान 21 सितंबर को अपना 41वां जन्मदिन मना चुकी हैं और इस बार उन्होंने अपना जन्मदिन सैफ अली खान, तैमूर और जेह के साथ मालदीव्स में मनाया। अब करीना कपूर खान ने अपने जन्मदिन से एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की है। तस्वीर में करीना कपूर खान जेह के साथ तो सैफ अली खान तैमूर का हाथ पकड़ कर समुद्र किनारे चलते नज़र आ रहे हैं।
वहीं बीच पर ही हैप्पी बर्थडे लिखा हुआ एक पूरा बैंबू जल रहा है। करीना कपूर खान ने ये तस्वीर शेयर करते हुए लिखा - एक वादा जो मैं खुद से कर रही हूं। अपने अंदर की आग को जलाए रखने का।

गौरतलब है कि करीना कपूर खान तैमूर और जेह के जन्म के बाद भी फिल्मों से दूर नहीं है। वो लगातार अपना काम कर रही हैं। जहां प्रेगनेंसी के दौरान वो आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग करती नज़र आई थीं वहीं प्रेगनेंसी के बाद भी करीना कपूर खान लगातार फिल्मों की स्क्रिप्ट सुन रही हैं।

बचपन का नाम सिद्धिमा
दिलचस्प है कि जब करीना कपूर खान का जन्म हुआ तो उसके कुछ ही दिन पहले नीतू कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर का भी जन्म हुआ था। ऋषि कपूर और रणधीर कपूर के पापा और करीना - रिद्धिमा के दादा जी राज कपूर ने तय कर लिया था कि अपने घर आई इन दो बेटियों का नाम होगा रिद्धिमा और सिद्धिमा। नीतू कपूर ने राज कपूर की इच्छा मान ली। लेकिन बबीता उस समय एक किताब पढ़ रही थीं और उन्होंने तय कर लिया था कि उनकी बेटी का नाम करीना ही होगा।

बच्चों के नाम हुए ट्रोल
जब करीना कपूर खान ने अपने दोनों बेटों के नाम अनाउंस किए तो दोनों बार ये बच्चे ट्रोल हुए। फैन्स को तैमूर और जहांगीर दोनों ही नाम से दिक्कत थी। हाल ही में एक इंटरव्यू में करीना कपूर खान ने कुबूल किया कि जब उनके बेटों के नाम ट्रोल हो रहे थे तो इसका असर उन पर भी पड़ा। उन्हें काफी खराब लगा और समझ ही नहीं आया कि लोग इतने छोटे बच्चों को ट्रोल क्यों करेंगे।

प्रेगनेंसी के दौरान जीता दिल
पिछली बार भी करीना कपूर ने अपनी प्रेगनेंसी को भी स्टाईल स्टेटमेंट बना दिया था। पिछली बार जब करीना प्रेगनेंट थीं तो उनकी ढेरों तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल थीं। इस बार भी करीना कपूर खान के काफ्तान बहुत पॉपुलर हुए। करीना आराम से इनमें घूमते दिखाई देती थीं। अपनी डिलीवरी से एक दिन पहले तक भी करीना ने फैन्स को अपनी झलक दी।

21 साल का करियर
करीना कपूर खान बॉलीवुड में 21 साल पूरे कर चुकी हैं। उन्होंने रिफ्यूजी से बॉलीवुड में एंट्री ली थी। करीना ने पिछले साल रिफ्यूजी के 20 साल पूरे होने पर फिल्म के लिए अपना पहला शॉट भी शेयर किया था। हालांकि, दिलचस्प ये है कि ये करीना कपूर की पहली फिल्म नहीं थी।

पहली फिल्म कहो ना प्यार है
करीना कपूर की पहली फिल्म थी कहो ना प्यार है। करीना कपूर और ऋतिक रोशन इस फिल्म के साथ अपना डेब्यू करने जा रहे थे। करीना ने फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी थी। लेकिन फिल्म के बीच में उन्हें लगा कि फिल्म में केवल ऋतिक को तवज्जो मिलेगी, उन्हें नहीं। यही सोचकर करीना ने ये फिल्म छोड़ दी और फिर अभिषेक बच्चन के साथ रिफ्यूजी में अपना डेब्यू किया।

सीता को लेकर कंट्रोवर्सी
करीना कपूर खान के सीता बनने को लेकर 12 करोड़ की डिमांड करने को लेकर हाल ही में काफी कंट्रोवर्सी हुई है। जहां करीना कपूर खान ने फिल्म के लिए 12 करोड़ मांगे थे वहीं फिल्म के लेखक मनोज मुंतशिर का कहना था कि इस फिल्म के लिए कंगना रनौत को छोड़कर और किसी को अप्रोच ही नहीं किया गया था। करीना का कहना था कि उन्होंने 12 करोड़ मांगे क्योंकि उन्हें लगता है कि ये उनका हक है और हीरोइनों को भी उतनी ही फीस मिलनी चाहिए जितनी कि हीरो को मिलती है।

आखिरी फिल्म में गुड न्यूज़
करीना कपूर खान, परदे पर आखिरी बार अक्षय कुमार के साथ 2019 में गुड न्यूज़ नाम की फिल्म में दिखाई दी थीं। इस फिल्म में भी करीना कपूर खान एक प्रेगनेंट औरत के रोल में दिखाई दी थीं। अब जेह के जन्म के बाद करीना कपूर खान वापस सेट पर लौट चुकी हैं। उनकी फिल्म लाल सिंह चड्ढा इस साल के अंत में रिलीज़ होगी वहीं उनका अगला प्रोजेक्ट क्या होगा, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं की गई।


Click it and Unblock the Notifications