करण जौहर ने राज ठाकरे से माफ़ी मांगी
अपनी फ़िल्म वेक अप सिड में मुंबई को बॉम्बे कहने पर फ़िल्म निर्माता करण जौहर ने राज ठाकरे से माफ़ी मांगी है. जिसके बाद उनकी फ़िल्म वेक अप सिड के प्रदर्शन पर विरोध ख़त्म हो गया है. लेकिन विवाद थमा नहीं है.
महाराष्ट्र सरकार को करण जौहर की ये हरकत पसंद नहीं आई. राज्य के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि करण जौहर को राज ठाकरे से मिलने के बजाए पुलिस के पास जाना चाहिए था. राज या उद्धव ठाकरे कोई संवैधानिक अधिकारी नहीं हैं.
दरअसल सारे मामले की शुरुआत पुणे से शुरू हुई. यहाँ राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के कार्यकर्ताओं ने कुछ सिनेमाघरों में वेक अप सिड की रिलीज़ रोकने की कोशिश की.
फिल्म में मुंबई को बॉम्बे कहे जाने से एमएनएस कार्यकर्ता नाराज़ थे. जैसे ही ये ख़बर करण जौहर को मिली, फ़िल्म की रिलीज़ ख़तरे में देख वो भागे-भागे राज ठाकरे के घर पहुँचे और राज से माफ़ी मांग ली.
मुलाक़ात के बाद करण ने कहा, "हमारी ओर से एक भूल हो गई है. आगे से हम बॉम्बे की जगह मुंबई का इस्तेमाल करेंगे.'वेक अप सिड" की शुरुआत में एक डिस्क्लेमर लगाया जाएगा कि हमसे ग़लती हो गई. दुनिया भर से माफ़ी मांगी जाएगी."
माफ़ी मांगने के बाद करण को विश्वास है कि अब 'वेक अब सिड" का विरोध नहीं किया जाएगा. राज ठाकरे ने कहा कि फ़िल्म उद्दोग को आगे किसी भी फ़िल्म में मुंबई का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतनी होगी. फ़िलहाल विरोध को वापस ले लिया गया है.


Click it and Unblock the Notifications











