फिल्म निर्माण के लिए सही ट्रेनिंग जरुरी

जाने माने फिल्म निर्देशक करन जौहर का मानना है कि दूसरे क्षेत्रों की ही तरह फिल्मों की भी सही शिक्षा होना बहुत जरुरी है. उनका कहना है कि बदलते वक्त के साथ फिल्मी दुनिया में कदम रखने वालों के लिए ट्रेनिंग बेहद जरुरी है.
करन जौहर मानते हैं कि उन्हें फिल्मी बैकग्राउंड का फ़ायदा मिला लेकिन तमाम ऐसे टैलेंटेड लोग हैं जिन्हें सही ट्रेनिंग दी जाए तो वो बेहतरीन काम कर सकते हैं.
करन जौहर कहते हैं, “मैं एक फिल्म प्रोड्यूसर का बेटा हूं, इसीलिए मुझे फिल्मी दुनिया में कामयाब होने के लिए कोई संघर्ष नहीं करना पड़ा, लेकिन मैं महसूस करता हूं कि काश मुझे भी फिल्मी दुनिया में आने से पहले सही ट्रेनिंग मिली होती.”
करन जौहर ने मुम्बई स्थित फिल्म स्कूल व्हिसलिंगवुड्स में कुछ नए छोटी अवधि के पाठ्यक्रमों को लांच के दौरान ये बातें कहीं. इन पाठ्यक्रमों में स्क्रीन प्ले लेखन, टीवी राइटिंग वगैरह शामिल हैं. ये स्कूल मशहूर निर्माता-निर्देशक सुभाष घई चलाते हैं.
लेकिन दिलचस्प बात ये रही कि जब उनसे ये पूछा गया कि क्या वो भी कभी कोई एक्टिंग स्कूल खोलना चाहेंगे तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि अभी ऐसा कोई इरादा नहीं है और वो व्हिसलिंगवुड जैसी प्रतिष्ठित संस्था से पहले से ही जुड़े हुए हैं.
इस ख़ास मौके पर सुभाष घई और करन जौहर ने अपनी आने वाली फिल्मों के बारे में भी चर्चा की.


Click it and Unblock the Notifications