2021 की गुड न्यूज़: रणवीर सिंह और आलिया भट्ट का शानदार रोमांस - डायरेक्ट करेंगे खुद करण जौहर
बॉलीवुड के अच्छे दिन वाकई आ चुके हैं। क्योंकि जिस तरह के प्रोजेक्ट्स का अनाउंसमेंट हो रहे हैं और जिस तरह के प्रोजेक्ट्स की अफवाहें गपशप गली में उड़ रही हैं उससे ये तो साफ है कि आने वाले समय में बॉलीवुड में बेहतरीन कंटेंट मिलेगा। और हर तरह का कंटेंट मिलेगा।
अब खबर है कि करण जौहर, अपनी अगली फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट को डायरेक्ट करने वाले हैं। ये फिल्म बिल्कुल धर्मा प्रोडक्शन्स के स्टाईल का रोमांस होगा।

यानि कि प्रेम कहानी में करण जौहर की कुछ कुछ होता है वाली मासूमियत, कभी खुशी कभी गम वाला ड्रामा, स्टूडेंट ऑफ द ईयर वाला नया कलेवर और ऐ दिल है मुश्किल वाला जुनून होगा। हो सकता है फिल्म में माई नेम इज़ खान के रूमानी इश्क और कल हो ना हो वाली मुश्किलें भी हों।
कुल मिलाकर, करण जौहर एक बार फिर से फॉर्म में आने को तैयार हैं और जब वो फॉर्म में आते हैं तो हम बता ही चुके हैं परदे पर क्या क्या मिल जाता है। इस बार उनके इशारों पर नाचेंगे रणवीर सिंह और आलिया भट्ट। दोनों को ही दर्शकों ने क्यूट सी प्यारी सी लव स्टोरी में अब तक नहीं देखा है।

महामारी में अटका प्रोजेक्ट
गौरतलब है कि रणवीर सिंह, आलिया भट्ट और करण जौहर, लॉकडाउन से पहले ही एक साथ तख्त पर काम शुरू करने वाले थे जो धर्मा प्रोडक्शन्स का महत्त्वाकांक्षी पीरियड ड्रामा था। लेकिन फिलहाल ये प्रोजेक्ट लॉकडाउन और महामारी के बीच अटक चुका है।

होल्ड पर जा चुकी है फिल्म
हालांकि तख्त की रिलीज़ डेट अनाउंस हो चुकी थी लेकिन करण जौहर इस फिल्म से ब्रेक ले चुके हैं और अपने कुछ कुछ होता है वाले दिनों में वापसी करने जा रहे हैं। तख्त दिसंबर 2021 में रिलीज़ के लिए तय मानी गई थी लेकिन इस तारीख पर आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा का एलान हो चुका है।

यूं ही बनाई थी स्टूडेंट
गौरतलब है कि करण जौहर ने इसी तरह छुट्टियों के मूड में स्टूडेंट ऑफ द ईयर बना डाली थी और बॉलीवुड को तीन नए सितारे दिए थे - वरूण धवन, आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि वो बस एक आलीशान सी फिल्म बनाना चाहते थे।

तख्त से बढ़ चुकी है दूरी
वैसे भी रणवीर सिंह और आलिया भट्ट, दोनों ही तख्त का हिस्सा थे लेकिन मौजूदा हालात को देखकर लगता नहीं है कि वो दोनों ही फिल्म को अपनी डेट्स दे पाएंगे। बात करें करीना कपूर खान की तो वो फिलहाल प्रेगनेंट हैं।

गंगूबाई में व्यस्त आलिया
बात करें आलिया भट्ट की तो अब फिल्मों की शूटिंग शुरू हो चुकी है और वो गंगूबाई की शूटिंग पहले ही शुरू कर चुकी हैं। संजय लीला भंसाली की इस फिल्म में आलिया भट्ट एक कोठेवाली का किरदार निभा रही हैं।

साथ दिखने वाले थे रणवीर
माना जा रहा था कि रणवीर सिंह ने भी संजय लीला भंसाली को गंगूबाई के लिए हामी भर दी है और इस फिल्म में वो आलिया के पति के एक छोटे से रोल में दिखाई देंगे। लेकिन इन खबरों की पुष्टि किसी ने नहीं की। हालांकि उनका खंडन भी किसी ने नहीं किया।

होली पर 83?
1983 क्रिकेट वर्ल्ड कप पर बनी फिल्म 83 रिलीज़ को तैयार है। रणवीर सिंह इस फिल्म में कपिल देव की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म केवल थियेटर के खुलने का इंतज़ार कर रही थी क्योंकि टीम इसे OTT पर रिलीज़ नहीं करना चाहती है। अब फिल्म होली पर रिलीज़ की जा सकती है।

ब्रह्मास्त्र का इंतज़ार
वहीं आलिया भट्ट को रणबीर कपूर के साथ अयान मुखर्जी स्टारर ब्रह्मास्त्र की शूटिंग भी पूरी करनी है। ये फिल्म इस साल दिसंबर में रिलीज़ होना तय थी लेकिन फिलहाल तो ये असंभव लग रहा है।

जयेशभाई जोरदार
वहीं रणवीर सिंह यशराज फिल्म्स की जयेशभाई जोरदार की शूटिंग शुरू करेंगे। फिल्म हल्की फुल्की रोमांटिक कॉमेडी है जिसमें रणवीर सिंह के साथ दिखाई देंगी अर्जुन रेड्डी फेम शालिनी पांडे।

खूब जंची है केमिस्ट्री
गौरतलब है कि रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की केमिस्ट्री, मेक माई ट्रिप के एड में काफी जमी है। ऐसे में एक बार फिर से उन्हें हल्के फुल्के रॉम कॉम में देखने में मज़ा तो आएगा। किसी आधिकारिक घोषणा का आप भी इंतज़ार कीजिए।


Click it and Unblock the Notifications
