कपिल शर्मा के बायोपिक फिल्म का ऐलान, नाम होगा 'फनकार'- यहां जानें कपिल के संघर्ष और सफलता की कहानी
बॉलीवुड में बायोपिक का चलन एक बार फिर जोर पर है। जहां कुछ फिल्में खिलाड़ियों पर बन रही है, कुछ इतिहास से जुड़े महान लोगों पर.. वहीं हाल ही में निर्माता महावीर जैन ने एक्टर- कॉमेडियन कपिल शर्मा की बायोपिक फिल्म का ऐलान किया है, जिसका टाइटल होगा- फनकार। इस फिल्म का निर्देशन करेंगे मृगदीप सिंह लांबा, जिन्होंने इससे पहले फुकरे डायरेक्ट किया है।
इस बायोपिक में कपिल शर्मा के संघर्ष और सफलता की कहानी को दिखाया जाएगा। निर्माता महावीर जैन ने कहा, "करोड़ों लोगों को कपिल शर्मा के सौजन्य से हर दिन हंसने का बहाना मिलता है। हम सभी को प्यार, जीवन और हंसी चाहिए। हमें कॉमेडी सुपरस्टार कपिल शर्मा की अनकही कहानी को बड़े पर्दे पर बड़े पैमाने पर पेश करने पर गर्व है।"

बता दें, इस बीच, कपिल शर्मा की पहली कॉमेडी स्पेशल "कपिल शर्मा: आई एम नॉट डन येट" 28 जनवरी को प्रीमियर के लिए तैयार है। स्टैंड-अप स्पेशल की घोषणा पिछले साल जनवरी में की गई थी। इस शो में लोगों को कपिल की कहानी, कपिल की जुबानी सुनने का मौका मिलेगा।

पंजाब से मुंबई तक
कपिल शर्मा का जन्म 2 अप्रैल 1981 को पंजाब के अमृतसर में हुआ था। उनके पिता जितेंद्र कुमार एक हेड कांस्टेबल थे और उनकी मां जानकी रानी एक गृहणी हैं। कपिल के एक बड़े भाई और बहन भी हैं।
कपिल 23 साल के थे जब साल 2004 में कैंसर से उनके पिता का निधन हो गया। उसके बाद कपिल अपना करियर बनाने मुंबई आ गए।

थियेटर से लाफ्टर चैलेंज तक
मुंबई आकर कपिल एक थियेटर से जुड़ गए, जहां उन्हें एक्टिंग करके कुछ फीस मिल जाया करते थे। कपिल ने एमएच वन पर हंसते रहो हंसाते रहो कॉमेडी शो में काम किया इसके बाद इन्हें 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' में अपना पहला ब्रेक मिला। 2007 में ये इस शो के विजेता बने जिसमें इन्होंने 10 लाख की पुरस्कार राशि जीती।

9 रिएलिटी शो जीते
इसके बाद इन्होंने सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न पर कॉमेडी सर्कस में भी भाग लिया और कई सीजन जीते। कपिल ने 9 रिएलिटी शोज जीते हैं। साथ ही कई बड़े शोज को होस्ट भी किया है।

कॉमेडी नाइट्स विद कपिल
2013 में शर्मा ने अपने प्रोडक्शन बैनर के9 प्रोडक्शन के अंतर्गत अपना शो कॉमेडी नाइट्स विद कपिल लांच किया जो एक बहुत बड़ा हिट साबित हुआ। इस बीच उन्हें कई अवार्ड से भी सम्मानित किया गया।लोक सभा चुनाव 2014 में इन्हें दिल्ली चुनाव आयोग के द्वारा दिल्ली का ब्रांड अम्बेसेडर बनाया गया।

फिल्मों में लिया चांस
कपिल ने फिल्मों में भी चांस लिया.. और अब्बास मस्तानी की 'किस किससे प्यार करूं' से डेब्यू किया। इसके बाद वो फिल्म 'फिरंगी' में नजर आए। दोनों फिल्मों ने कुछ खास कमाल नहीं दिखाया.. और कपिल ने फिर छोटे पर्दे की तरफ रूख कर लिया।

कंट्रोवर्सी का शिकार
प्रधानमंत्री को लेकर किये गए ट्विट से लेकर सुनील ग्रोवर के साथ हुई लड़ाई तक.. कपिल शर्मा कई कंट्रोवर्सी का हिस्सा भी रह चुके हैं, जिससे इनके करियर को बड़ा झटका मिला था। एक लंबा ब्रेक लेने के बाद कपिल ने फिर अपने कॉमेडी 'द कपिल शर्मा शो' के साथ वापसी की.. और फिर सफलता के सीढ़ियां चढ़ने लगे।

2018 में शादी
साल 2018 में कपिल शर्मा ने गिन्नी चतरथ से शादी की है। उनके दो बच्चे भी हैं, एक बेटा, एक बेटी। इसके अलावा कपिल कई सामाजिक कार्य से भी जुड़े हुए हैं।


Click it and Unblock the Notifications