क्राइम रिपोर्टर कंगना

अपनी नई फ़िल्म 'नॉकआउट' में कंगना रनावत एक क्राइम रिपोर्टर की भूमिका में नज़र आएंगी.
कंगना कहती हैं, "फ़िल्म एक मर्डर के बारे में है. ये एक एक्शन और थ्रिलर फ़िल्म है."
अपने रोल के बारे में कंगना कहती हैं, "ये रोल बहुत मुश्किल था. मैं मानती हूं कि क्राइम रिपोर्टर होना बहुत ज़िम्मेदारी का काम है. जो हर हिंदुस्तानी तक ख़बर पहुंचाता है. उन्हीं के माध्यम से लोगों का किसी भी बात के बारे में मत बनता है."
फ़िल्म में कंगना के साथ संजय दत्त और इरफ़ान ख़ान भी हैं. फ़िल्म का निर्देशन मणि शंकर ने किया है. हाल ही में फ़िल्म का 'फ़र्स्ट लुक' आईफ़ा के दौरान पेश किया गया.
अपने सह-कलाकारों के बारे में कंगना कहती हैं, "इरफ़ान बहुत अच्छे इंसान हैं और संजू बहुत अच्छे दोस्त हैं. मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा."
'गैंगस्टर', 'वो लम्हे', 'लाइफ़ इन ए मेट्रो' या फिर 'फ़ैशन', अब तक कंगना ने ज़्यादातर संजीदा किरदार ही निभाए हैं. लेकिन अपनी आने वाली फ़िल्मों में वो कॉमेडी करती नज़र आएंगी.
इस बारे में कंगना कहती हैं, "ये कोई सोचा-समझा फ़ैसला नहीं है क्योंकि बतौर अभिनेता आप वही किरदार निभाते हैं जो आपको मिलते हैं. मुझे इंडस्ट्री में आए अभी सिर्फ़ तीन साल ही हुए हैं और मुझे लगता है कि लोग बहुत उतावले हो रहे हैं. लेकिन हां, मैं कॉमेडी कर रही हूं. इनमें 'नो प्रॉबलम', 'मनु वैड्स तनु' और 'धमाल टू' शामिल हैं."
ऐक्टर्स को हर फ़िल्म में किरदार के हिसाब से अपने लुक को बदलना पड़ता है. कंगना कहती हैं कि उनके लिए ये काम आसान नहीं है. वो कहती हैं, "इसमें बहुत मेहनत लगती है. हर नए किरदार के साथ आपको अपने लुक्स के साथ प्रयोग करना पड़ता है."


Click it and Unblock the Notifications