कंगना रनौत की 'तेजस' को दर्शकों ने किया रिजेक्ट, ज़ीरो टिकट बिक्री की वजह से देशभर में शोज कैंसिल

Tejas Shows Cancelled: कंगना रनौत स्टारर फिल्म 'तेजस' ने रिलीज के चौथे दिन ही बॉक्स ऑफिस पर दम तोड़ दिया है। चार दिनों में फिल्म 5 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं पाई है। वहीं, रिपोर्ट्स की मानें तो देशभर में फिल्म के कई शोज कैंसिल कर दिये गए हैं क्योंकि फिल्म को देखने एक भी दर्शक नहीं पहुंचे।
27 अक्टूबर को कंगना की तेजस और विक्रांत मैसी स्टारर 12वीं फेल सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 12वीं फेल को पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का खूब फायदा मिला है और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार बढ़ोतरी दिखाई है। लेकिन वहीं तेजस ओपनिंग के साथ ही औंधे मुंह गिर चुकी है।
दर्शकों ने कर दिया रिजेक्ट
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक प्रदर्शक ने बताया कि फिल्म की हर शो में मुश्किल से 10-12 लोग होते हैं। सोमवार से 50% से अधिक शो बंद कर दिए गए हैं। फिल्म उतनी बुरी नहीं है, लेकिन दर्शकों ने इसे सिरे से रिजेक्ट कर दिया है।"
एक भी टिकट नहीं बिका
वहीं, बिहार के एक थियेटर मालिक ने बताया कि फिल्म देखने एक भी दर्शक नहीं पहुंचे, जिस वजह से उन्हें शो कैंसिल करना पड़ा। उन्होंने कहा, "तेजस एक ऐसी डिज़ास्टर फिल्म है, जिसे बचाया नहीं जा सकता। इस साल पहली बार ऐसा हुआ कि मेरे थिएटर का मॉर्निंग शो कैंसिल करना पड़ा क्योंकि फिल्म का एक भी टिकट नहीं बिका। इस फिल्म के बाकी के शोज़ में भी बमुश्किल 20-30 लोग पहुंच रहे हैं।"
वहीं, सूरज, मुंबई, दिल्ली में भी हालत ऐसी ही है। जिस वजह से कई जगहों पर 12वीं फेल के शोज बढ़ा दिये गए हैं। बता दें, धाकड़ के बाद, ये कंगना की बड़ी अगली फ्लॉप है।


Click it and Unblock the Notifications











