कंगना रनौत ने विराट कोहली को बताया टीम इंडिया का "पंगा किंग", जानें क्यों!
अभिनेत्री कंगना रनौत फिल्म पंगा का जमकर प्रमोशन करती नजर आ रही हैं। हाल ही में स्टार स्पोर्ट्स पर एक इवेंट के दौरान कंगना ने खुद को 'पंगा क्वीन' और भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली को 'पंगा किंग' बताया है। कंगना की फिल्म पंगा इस शुक्रवार सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म में कंगना एक मां और राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी का किरदार निभाती दिखेंगी।
पंगा पर बात करते हुए कंगना ने ने कहा, "मैं पंगा क्वीन हूं और टीम इंडिया के पंगा किंग निश्चित रूप से विराट कोहली हैं। वह निडर हैं और राह में आने वाली किसी भी चुनौती के लिए तैयार रहते हैं। इस बार हम दोनों एक ही दिन 'पंगा' लेंगे। मैं थिएटर्स में लूंगी और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी ही जमीन पर जंग लड़ेंगे। यह काफी मजेदार होने वाला है।"

अश्विनी अय्यर तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'पंगा' स्पोर्ट्स- ड्रामा है। फिल्म में एक खिलाड़ी के संघर्ष को दिखाया जाएगा। वहीं, कंगना भी काफी दमदार दिख रही हैं। खास बात है कि पंगा बॉक्स ऑफिस पर वरूण धवन- श्रद्धा कपूर की 'स्ट्रीट डांसर 3डी' से क्लैश कर रही हैं। हालांकि दोनों ही फिल्में काफी अलग तरह की है। जहां स्ट्रीट डांसर डांस आधारित फिल्म है, पंगा महिला प्रधान फिल्म दिख रही है।
निल बट्टे सन्नाटा और बरेली की बर्फी के बाद अब फैंस को अश्विनी अय्यर तिवारी से एक बार फिर काफी उम्मीदें हैं। कंगना के साथ फिल्म में नीना गुप्ता, जस्सी गिल और ऋचा चड्ढा भी नजर आने वाली हैं।


Click it and Unblock the Notifications