कंगना रनौत की सीता की कहानी हुई लीक - ना राम होगा और ना ही रावण, ये होगा सीता का क्लाईमैक्स
अलौकिक देसाई की फिल्म सीता की चर्चा काफी दिनों से चल रही है। फिल्म में कंगना रनौत सीता की भूमिका में दिखाई देंगी। अब खबर है कि फिल्म में ना ही राम होंगे और ना ही रावण। बल्कि फिल्म, सीता को एक वीरांगन, योद्धा और पाक कला में कुशल स्त्री के रूप में पेश करेगी। फिल्म सीता के बचपन और युवावस्था की वीर कथाओं पर आधारित होगी।
इस फिल्म को लिख रहे हैं बाहुबली और बजरंगाी भाईजान फेम लेखक केवी विजयेंद्र प्रसाद और मनोज मुंतशिर। अलौकिक देसाई अपनी लिखी किताब सीता द इनकार्नेशन पर एक फिल्म डायरेक्ट कर रहे हैं।

फिल्म केवल सीता की कहानियों पर आधारित होगी और फिल्म का क्लाईमैक्स होगा राम - सीता स्वयंवर। गौरतलब है कि सीता बचपन से ही कुशल और धनुष - शस्त्रों में पारंगत स्त्री थीं। कंगना रनौत, मणिकर्णिका में झांसी की रानी के किरदार में ये साबित कर चुकी हैं कि साहस और तेज से भरे किरदारों में वो परफेक्ट लगती हैं। अलौकिक देसाई की सीता में भी उनका किरदार ऐसा ही लिखा गया है। सौम्य लेकिन तेज से भरपूर। ऐसे में कंगना रनौत को इस किरदार में देखने के लिए दर्शक काफी उत्सुक हैं।

करीना कपूर खान ने की थी 12 करोड़ की डिमांड
सीता बनने के लिए करीना कपूर खान के 12 करोड़ की डिमांड के लिए काफी बवाल मचा था। लोगों ने करीना कपूर खान की इस डिमांड तक को गलत ठहरा दिया था। हालांकि करीना कपूर खान का कहना था कि उन्होंने इतनी फीस मांग कर कुछ गलत नहीं किया है। इतनी फीस लेना उनका हक है और अपना मेहनाताना मांगने में कुछ भी गलत नहीं होता है। करीना का कहना था कि वो पहली ऐसी हीरोइन हैं जिन्होंने इस बारे में खुलकर बात की है कि हीरोइनों को भी हीरो जितनी फीस मिलनी चाहिए।

केवल कंगना ही थी मेकर्स की पसंद
लेखक मनोज मुंतशिर ने एक इंटरव्यू में ये कह कर सबको चौंका दिया कि इस फिल्म के लिए कंगना रनौत को छोड़कर और किसी को अप्रोच ही नहीं किया गया। जहां करीना कपूर खान अपने 12 करोड़ की डिमांड को सही ठहरा रही थीं और बॉलीवुड की कई हीरोइनें उनका साथ भी दे रही थीं वहीं मनोज मुंतशिर का कहना था कि सीता के किरदार को कंगना को ही ध्यान में रखकर बनाया गया है इसलिए कोई सवाल ही नहीं उठता कि फिल्म के लिए किसी और को अप्रोच किया गया हो। जितने भी और नाम सामने आए वो केवल अफवाहें थीं।

मुंहमांगी कीमत पर साईन की गई हैं कंगना रनौत?
सूत्रों की मानें तो कंगना रनौत को इस फिल्म के लिए 32 करोड़ रूपये दिए जा रहे हैं। उनकी पिछली फिल्म की फीस से कहीं ज़्यादा और करीना कपूर खान की डिमांड से लगभग दोगुना। कमाल आर खान ने भी एक ट्वीट और वीडियो के ज़रिए इस अफवाह की पुष्टि की है। अब अगर वाकई ये बात सच है तो करीना कपूर खान ना सिर्फ इस रेस में काफी पीछे छूट चुकी हैं बल्कि कंगना रनौत खुद को बॉलीवुड की सबसे सशक्त अभिनेत्री के तौर पर स्थापित करने के बाद ये भी साबित कर चुकी हैं कि उन्हें उनकी मुंह मांगी कीमत पर साईन किया जा रहा है।

दीपिका पादुकोण को भी ऑफर हुई थी फिल्म?
माना जा रहा है कि इस फिल्म के लिए दीपिका पादुकोण भी एक ऑप्शन थीं लेकिन इससे पहले कि उन्हें अप्रोच किया जाता, वो ड्रग्स केस की कंट्रोवर्सी में फंस गईं और फिर कोई उनके साथ रिस्क लेना नहीं चाहता था। हालांकि, फिलहाल दीपिका पादुकोण, नितेश तिवारी की रामायण में सीता का किरदार निभा सकती हैं। इस फिल्म में ऋतिक रोशन को रावण और रणबीर कपूर को राम बनने के लिए 75 - 75 करोड़ रूपये दिए जा रहे हैं।

आलिया भट्ट थीं पहली पसंद
कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म के लिए सबसे पहली चॉइस थीं आलिया भट्ट। लेकिन आलिया फिल्म में अपना रोल और बढ़ाना चाहती थीं। वो चाहती थीं कि सीता के बचपन की कथाएं कम कर दी जाएं और उनके युवावस्था पर फोकस किया जाए। लेकिन अलौकिक देसाई और उनकी टीम इस बात पर राज़ी नहीं हुई। दिलचस्प ये है कि एसएस राजामौली की फिल्म RRR में भी आलिया के किरदार का नाम सीता ही है।

किस सीता को मिल रही कितनी फीस
कंगना 32 करोड़ में सीता बनने जा रही हैं। इस किरदार के लिए उन्हें सीधी टक्कर मिलेगी कृति सैनन और दीपिका पादुकोण से। कृति सैनन, ओम राउत की आदिपुरूष में सीता का किरदार निभाते दिखेंगी वहीं दीपिका पादुकोण, मधु मंटेना द्वारा प्रोड्यूस की जा रही फिल्म में सीता का किरदार निभाने जा रही हैं जिसे नितेश तिवारी डायरेक्ट करेंगे। इस फिल्म में राम रणबीर कपूर और रावण ऋतिक रोशन को पहले ही 75 करोड़ फीस दी जा रही है। सीता की फीस की जानकारी फिलहाल किसी को नहीं है। वहीं खबरों की मानें तो आदिपुरूष के राम प्रभास की फीस 150 करोड़ है पर रावण सैफ अली खान और सीता कृति सैनन की फीस की पुष्टि नहीं की जा सकी है।

तीन सीताओं में होगी टक्कर
ये ज़रूर तय है कि कंगना रनौत इस समय 32 करोड़ फीस के साथ बॉलीवुड की सबसे महंगी सीता बन चुकी हैं। बॉलीवुड की ये तीन रामायण कब बनना शुरू होंगी और कब बनकर तैयार होंगी ये तो कोरोना की स्थिति और शूटिंग नियमों पर निर्भर करेगा। लेकिन इन रामायणों में सीधी टक्कर होगी दीपिका पादुकोण और कंगना रनौत की। क्योंकि इन दो फिल्मों को सीता के दृष्टिकोण से बनाया जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications











