कंगना रनौत लड़ेंगी मंडी से चुनाव, कहा - भाजपा देगी मौका तो मेरे लिए ये सौभाग्य की बात है

कंगना रनौत ने कई बार ये कहा है कि वो राजनीति में एंट्री नहीं लेना चाहती हैं लेकिन अब उनके सुर बदल चुके हैं। हाल ही में आज तक द्वारा आयोजित एक इवेंट में कंगना रनौत ने इच्छा जताई कि वो राजनीति में आकर अपने लोगों की सेवा करना चाहेंगी। कंगना रनौत ने कहा कि अगर भाजपा उन्हें टिकट देती है तो वो मंडी से चुनाव लड़ना चाहेंगी।
कंगना रनौत ने ये भी कहा कि अगर मंडी के लोग ऐसा चाहते हैं और अगर भाजपा उन्हें टिकट देगी तो वो ज़रूर अपने लोगों की सेवा करना चाहेंगी। राजनीति में एंट्री की बात पर टिप्पणी करते हुए कंगना ने कहा, "जैसे हालात होंगे और अगर सरकार चाहेगी कि मेरी उपस्थिति हो तो मैं हर संभव तरीके से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाउंगी।"
कंगना रनौत ने आगे कहा, अगर हिमाचल प्रदेश की जनता मुझे उनकी सेवा का मौका देगी तो ये बहुत अच्छा होगा। मेरे लिए ये सौभाग्य की बात होगी। कंगना रनौत ने हिमाचल में होने वाले चुनाव के बारे में बात करते हुए कहा, हिमाचल प्रदेश, आम आदमी पार्टी के झूठे वादों के झांसे में नहीं फंसेगा। हिमाचल प्रदेश के लोगों के पास अपनी खुद की सौर्य ऊर्जा है और वो लोग अपने फल - सब्ज़ी खुद उगा लेते हैं। उन्हें मुफ्त की चीज़ों की ज़रूरत ही नहीं है।
गौरतलब है कि कंगना रनौत हाल ही में सलमान खान की बहन अर्पिता खान शर्मा के पति आयुष शर्मा की काफी अच्छी दोस्त हो चुकी हैं और इस दोस्ती के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। आयुष शर्मा, हिमाचल प्रदेश की राजनीति के सबसे कद्दावर परिवार के बेटे हैं और माना जा रहा है कि उनकी और कंगना रनौत की खास दोस्ती आने वाले समय में कंगना रनौत के हिमाचल की राजनीति में एंट्री लेने का संकेत हो सकती है।
कंगना रनौत हाल ही में अर्पिता खान शर्मा की ईद पार्टी का हिस्सा बनी थीं वहीं वो आयुष शर्मा के जन्मदिन की पार्टी का भी हिस्सा बनीं। हालांकि, इससे पहले, कंगना रनौत से कई बार उनके राजनीति में आने की संभावनाओं के बारे में पूछा जा चुका है। तब कंगना रनौत ने हर बार इस बात पर ज़ोर दिया है कि वो राजनीति से बतौर नागरिक जुड़े रहना पसंद करेंगी और एक कलाकार के तौर पर अपना काम करते रहना चाहेंगी। इसके अलावा उन्हें राजनीति का हिस्सा बनने में कोई भी दिलचस्पी नहीं है।
अगर फिल्मों की बात करें तो कंगना रनौत इस समय दो बड़ी राजनीतिक फिल्मों का हिस्सा हैं। इनमें से पहली है इमरजेंसी जिसमें कंगना रनौत इंदिरा गांधी के किरदार में दिखाई देंगी। इसके अलावा, कंगना रनौत अपने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले अपराजिता अयोध्या नाम की फिल्म का निर्माण कर रही हैं जो बाबरी मस्जिद और राम मंदिर विवाद पर बनेगी।


Click it and Unblock the Notifications












