Twisha Sharma Death: महिलाओं की हालत पर पसीजा कंगना रनौत का कलेजा, बोलीं- ऐसे बच सकती हैं लड़किया
Kangana Ranaut On Dowry Deaths: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने भोपाल की ट्विशा शर्मा मौत मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए समाज और परिवार की सोच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अभिनेत्री और भाजपा सांसद ने कहा कि महिलाओं को शादी से पहले आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनना चाहिए, ताकि वे जिंदगी के फैसले मजबूती से ले सकें।

कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि आए दिन शादीशुदा महिलाओं से जुड़ी दुखद घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि कई शिक्षित और सक्षम महिलाएं भी मुश्किल हालात में अपने माता-पिता से मदद मांगती हैं, लेकिन भारतीय समाज में अक्सर शादी के बाद बेटियों को "पराया" मान लिया जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि जब कोई महिला अपने पैरों पर खड़ी होती है, तब वह अपने जीवन के फैसले ज्यादा आत्मविश्वास के साथ ले पाती है। कंगना के मुताबिक, सोशल मीडिया, फैशन और शादी जैसी चीजों पर तो काफी चर्चा होती है, लेकिन लड़कियों को आत्मनिर्भर बनने की सीख कम दी जाती है।
भाजपा सांसद ने कहा कि महिलाओं के लिए उनका करियर और उनकी खुद की पहचान किसी भी रिश्ते से ज्यादा महत्वपूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हर लड़की को अपनी जिंदगी का "हीरो" खुद बनना होगा, क्योंकि किसी और के सहारे जिंदगी नहीं बदली जा सकती।
कंगना ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने सपनों और पसंद की जिंदगी को प्राथमिकता दें और सामाजिक दबाव में आकर अपने लक्ष्य न छोड़ें।
क्या है ट्विशा शर्मा मौत मामला?
भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 12 मई की रात 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा का शव उनके घर में मिला था। पुलिस ने मामले में उनके पति और ससुर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
ससुराल पक्ष का दावा है कि यह आत्महत्या का मामला है, जबकि ट्विशा के परिवार का आरोप है कि वह पिछले कुछ समय से ससुराल वालों के व्यवहार से परेशान थीं। शादी के महज पांच महीने बाद हुई इस मौत को दहेज प्रताड़ना के एंगल से भी देखा जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
