रूस से तेल खरीद पर अमेरिकी प्रेसिडेंट ट्रंप के बयान से भड़के कमल हासन, एक्टर ने दे डाली इतनी बड़ी नसीहत
Kamal Haasan Donald Trump statement: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर एक्टर-राजनेता कमल हासन का बयान इन दिनों चर्चा में है। भारत को रूसी तेल खरीदने के लिए अमेरिका की दी गई 30 दिनों की अस्थायी छूट (waiver) पर कमल हासन ने अपना कड़ा रिएक्शन दिया है और ट्रंप से कहा कि वे 'अपने काम से काम रखें।'

ट्रंप को लिखा खुला संदेश
कमल हासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अमेरिका के राष्ट्रपति को संबोधित करते हुए एक खुला संदेश लिखा। इसमें उन्होंने कहा कि भारत एक स्वतंत्र और संप्रभु देश है और वह किसी भी विदेशी ताकत के आदेश नहीं मानता।
उन्होंने अपने संदेश में लिखा- 'हम भारत के लोग एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र से आते हैं। हम अब दूर बैठे विदेशी देशों के आदेश नहीं मानते। कृपया अपनी क्षमता के अनुसार अपने काम से काम रखें। संप्रभु देशों के बीच आपसी सम्मान ही विश्व शांति की असली नींव है।'
कमल हासन ने यह भी कहा कि वे एक गर्वित भारतीय नागरिक हैं और अमेरिका और वहां के लोगों के लिए शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।
क्यों उठा यह विवाद
दरअसल, अमेरिका ने भारत की तेल रिफाइनरियों को रूस से तेल खरीद जारी रखने के लिए 30 दिनों की अस्थायी छूट दी है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ग्लोबल एनर्जी के संकट में होने की आशंका के कारण तेल बाजार में काफी दबाव है।
अमेरिकी ट्रेजरी से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि भारत अमेरिका का अहम साझेदार है और भविष्य में उससे अमेरिकी तेल आयात बढ़ाने की उम्मीद की जा रही है।
आपको बता दें, अमेरिका लंबे समय से रूस पर बैन के चलते देशों को रूसी तेल खरीदने से बैन करता रहा है। भारत, जो अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा करता है, रूस से सस्ता तेल खरीदता रहा है। इसी मुद्दे पर अमेरिका की छूट और शर्तों को लेकर राजनीतिक और कूटनीतिक बहस तेज हो गई है।
कमल हासन के बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा तेजी से वायरल हो गया है और लोग भारत की ऊर्जा नीति और अमेरिका-भारत संबंधों पर चर्चा कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











