घर पर सुपरहीरो अजय नहीं कोई और:काजोल

अभिनेत्री काजोल के पति अजय देवगन की गिनती भले ही बॉलीवुड के 'सुपर हीरोज़' में की जाती हो लेकिन निजी ज़िंदगी में काजोल का सुपर हीरो कोई और है. काजोल कहती हैं, "फ़िल्म की बात और है पर असल जिंदगी में घर पर मेरी बेटी मेरे लिए सुपर हीरो है."
काजोल ने ये बात हाल ही में अपनी नई फ़िल्म 'टूनपुर का सुपरहीरो' के प्रमोशन के अवसर पर पत्रकारों के साथ बात-चीत में कही. फ़िल्म में अजय देवगन भी हैं जो इस मौके पर मौजूद थे.
फ़िल्म 'टूनपुर का सुपर हीरो' भारत की पहली 'लाइव एनिमेशन' फ़िल्म है, यानि ऐसी फ़िल्म जिसमें कार्टून और असली किरदार दोंनो हैं. इसमें अजय एक अभिनेता बने हैं जो पर्दे पर सुपर हीरो का किरदार निभाते-निभाते एक दिन कार्टूनों कि दुनिया यानि टूनपुर पहुँच जाते हैं.
टूनपुर में अच्छे कार्टून यानि देवटून और बुरे कार्टून यानि टूनासुरों के बीच चल रही लड़ाई में वो सच में ही सुपर हीरो बन जाता है. अजय देवगन का मानना है कि फ़िल्म न केवल बच्चों का, बल्कि बड़ों का भी मनोरंजन करेगी.
अपने किरदार के बारे में अजय ने कहा, "इस सुपर हीरो के किरदार में कोई ख़ास शक्तियां नहीं हैं पर वो अपने कर्मों से सुपर हीरो बन जाता है." काजोल और अजय देवगन इससे पहले भी बच्चों की फ़िल्म 'राजू चाचा' में एक साथ काम कर चुके हैं.
काजोल ने बताया कि उन्हें ख़ासकर बच्चों की फिल्में करने में मज़ा आता है. वहीं अजय देवगन को ऐनिमेशन फिल्में देखना पसंद है. वो कहते हैं कि जबसे वो पिता बने हैं तब से बच्चों की फिल्मों में उनकी दिलचस्पी बढ़ गयी है.
काजोल कहती हैं कि अजय एक बहुमुखी कलाकार हैं. उन्होंने कहा, "अजय हर तरह के अलग अलग किरदार बख़ूबी निभाते हैं. उनके साथ काम करना ख़ास और बेहद आसान रहता है क्योंकि मैं उन्हें बहुत अच्छी तरह जानती हूं."
अजय मानते हैं कि ऐनिमेशन फ़िल्म में काम करना काफ़ी मुश्किल होता है क्योंकि आप जब प्रतिक्रिया देते हैं तो शूटिंग के समय आपके सामने कोई नहीं होता है.
'टूनपुर का सुपरहीरो' में काजोल की माँ यानि बीते ज़माने की जानी-मानी अभिनेत्री तनूजा भी दिखाई देंगी. फ़िल्म इस महीने की चौबीस तारीख़ को रिलीज़ हो रही है.


Click it and Unblock the Notifications