Jr NTR के फैंस बेकाबू होकर थियेटर में ही फोड़ने लगे पटाखे, लगी भीषण आग, वीडियो वायरल- Watch

Jr NTR fans burn firecrackers inside theatre: जूनियर एनटीआर के जन्मदिन के मौके पर उनकी 20 साल पुरानी फिल्म सिम्हाद्रि को तेलुगु राज्यों में फिर से रिलीज़ किया गया है। 2003 में आई इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिला, यही वजह है कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी जबरदस्त कमाई की। भारी तादाद में फैंस ये फिल्म देखने के लिए सिनेमाघर पहुंच रहे हैं।
बेकाबू फैंस ने लगाई आग
लेकिन इस बीच कुछ अप्रिय घटनाओं की भी खबर सामने आ रही हैं। शनिवार को विजयवाड़ा में एक थिएटर में, फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान, जूनियर एनटीआर के कुछ बेकाबू फैंस ने थियेटर के अंदर ही पटाखे फोड़ना शुरु कर दिया। जिसके बाद थियेटर में भीषण आग लग गई।
पुलिस ने भीड़ को किया नियंत्रित
जहां फिल्म की शुरुआत हर जगह जश्न के माहौल में हुई, वहीं विजयवाड़ा में अप्सरा थिएटर में आग लगने के बाद सब शॉक में आ गए। इस घटना की एक क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आई है। आग लगने के बाद शो रद्द करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने और सभी को सुरक्षित बाहर निकलने में मदद करने के लिए पुलिस कर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया था।
लोगों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की
इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कई फैंस ने ट्विटर पर नाराजगी जाहिर की है। एक यूजर ने लिखा, "इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। संपत्ति के नुकसान के लिए कौन भुगतान करेगा?" एक अन्य यूजर ने तेलुगु में लिखा, "यह बहुत दुखद है। थिएटर मालिक को कुछ अनियंत्रित फैंस का खामियाजा भुगतना पड़ता है।"
एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित, सिम्हाद्री को वीकेंड में पूरे तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में व्यापक रूप से रिलीज़ किया गया। फिल्म ने 5.14 करोड़ की कलेक्शन के साथ पहले दिन बड़े पैमाने पर ओपनिंग दर्ज की।


Click it and Unblock the Notifications