पारखी नज़र रखते हैं जॉन अब्राहम

जॉन अब्राहम मॉडल और अभिनेता तो हैं ही लेकिन इसके अलावा भी उनमें एक गुण है. उनमें दूसरों की अभिनय क्षमता परखने की भी क्षमता है.
जॉन की आने वाली फ़िल्म है ‘झूठा ही सही’ जिसके निर्देशक हैं अब्बास टायरवाला. ख़ास बात ये है कि फ़िल्म में जॉन की हिरोइन के रूप में नज़र आएंगी अब्बास की पत्नी पाखी और उनके नाम का सुझाव ख़ुद जॉन ने दिया था.
मुंबई में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए जॉन ने कहा कि ‘पाखी मुझे कहानी सुनाने आई थीं. जिस भोलेपन और शिद्दत से उन्होने मुझे समझाया तो मैने अब्बास से कहा कि पाखी ही इस किरदार के साथ न्याय कर पाएंगी’.
जॉन कहते हैं कि ‘झूठा ही सही' विशुद्ध मनोरंजक फ़िल्म है जो दर्शकों को ख़ासी पसंद आएगी. उनका कहना है फ़िल्म ताज़गी का एक झोका लेकर आएगी.
इस फ़िल्म के निर्देशक अब्बास टायरवाला हैं जिनकी पहली फ़िल्म ‘जाने तू या जाने ना’, सफल रही थी.
हालांकि जॉन अब्राहिम की आख़िरी रिलीज़ नागेश कुकनूर निर्देशित ‘आशाएं’ का प्रदर्शन ठंडा रहा लेकिन ‘झूठा ही सही’ का काफ़ी बेसब्री से इंतज़ार हो रहा है और इससे काफ़ी उम्मीदें भी हैं.


Click it and Unblock the Notifications