राष्ट्रमंडल और एशियाड में भारत ने हैरान किया

जॉन अब्राहम मानते हैं कि राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में भारत के प्रर्दशन ने बहुत लोगों को हैरान किया है.
फ़िल्म अभिनेता जॉन अब्राहम मानते हैं कि राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में भारत के प्रर्दशन ने बहुत लोगों को हैरान किया है. जॉन ये भी मानते हैं कि भारत धीरे-धीरे खेल की दुनिया में नाम कमा रहा है.
जॉन अब्राहम ने ये बात मुम्बई मैराथन की एंथम के लॉन्च के मौके पर कही. वो मुम्बई मैराथन के ब्रैंड एम्बैसेडर हैं.
पत्रकारों ने जॉन से पूछा कि मैराथन में भारतीय खिलाड़ी विदेशी खिलाड़ियों जितना बढ़िया प्रदर्शन क्यों नहीं कर पाते.
लेकिन जॉन इस बात से सहमत नहीं हैं. वो कहते हैं, “हम पहले से बेहतर प्रर्दशन कर रहे हैं. राष्ट्रमंडल खेल और एशियाड में भारत के प्रर्दशन ने मुझ जैसे कई लोगों को हैरान किया है. और मैं मानता हूं कि समय के साथ भारतीय खिलाड़ियों के प्रर्दशन में और भी सुधार आएगा.”
जॉन मानते हैं कि इस सुधार के लिए बुनियादी सुविधाएं बहुत ज़रूरी है. वो कहते हैं, “प्रशिक्षण और खेलने के लिए बुनियादी सुविधाएं होना बहुत ज़रूरी है. हालांकि खेल हमारी शिक्षा नीति का हिस्सा नहीं थे लेकिन धीरे-धीरे ही सही, भारत खेल की दुनिया में नाम कर रहा है.”
हर रोज़ दस से पंद्रह किलोमीटर दौड़ने वाले जॉन अब्राहम का खेलों के प्रति झुकाव कोई नई बात नहीं है. उनकी फ़िल्म ‘गोल’ फ़ुटबॉल पर आधारित थी और वो आगे भी खेलों से जुड़ी फ़िल्में करना चाहते हैं.
जॉन ने बताया, “मैं एक ऐसे अभिनेता के रूप में पहचान बनाना चाहता हूं जो खेलों से जुड़ा है. ये ज़रूरी है क्योंकि आज के युवाओं को खेल पसंद हैं इसलिए अगर मैं युवाओं का प्रतिनिधित्व कर सकूं तो ये बहुत अच्छी बात होगी. मुझे भी खेल पसंद हैं इसलिए मैं चाहता हूं कि खेल पर आधारित फ़िल्मों में या तो काम कर सकूं या बना सकूं.”
मुम्बई मैराथन 16 जनवरी 2011 को होनी है. इसकी एंथम का संगीत तौफ़ीक क़ुरेशी ने दिया है और इसे शान ने गाया है.


Click it and Unblock the Notifications