जॉन अब्राहम ने शुरू की तेहरान की शूटिंग, पठान के तीन दिन बाद करेंगे देशभक्ति फ्लेवर से वापसी?
जॉन अब्राहम अपनी अगली फिल्म तेहरान की शूटिंग शुरू कर चुके हैं और इस बात का अनाउंसमेंट एक टीज़र के साथ किया गया। इस फिल्म को दिनेश विजान प्रोड्यूस कर रहे हैं। मैडॉक फिल्म्स के साथ इसे बेक माई केक फिल्म्स भी प्रोड्यूस कर रही है। तेहरान को डायरेक्ट कर रहे हैं अरूण गोपालन।
जॉन अब्राहम की इस फिल्म का अनाउंसमेंट पहले ही किया जा चुका है और इसी के साथ फिल्म की रिलीज़ डेट भी 26 जनवरी 2023 अनाउंस की गई थी। हालांकि, अब इस तारीख पर ये फिल्म रिलीज़ हो पाना फिलहाल मुश्किल दिख रही है।

दरअसल, 23 जनवरी 2023 को जॉन अब्राहम स्टारर पठान रिलीज़ हो रही है जो कि यशराज फिल्म्स का महत्त्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है और शाहरूख खान की कमबैक फिल्म। ऐसे में ज़ाहिर सी बात है कि तेहरान के लिए ये क्लैश एक अच्छा ऑप्शन नहीं होगा। दूसरी तरफ, जॉन अब्राहम भी अपनी दो बड़ी फिल्मों को एक ही समय पर क्लैश होते नहीं देखना चाहेंगे।

सच्ची घटनाओं पर आधारित
भले ही 26 जनवरी का देशभक्ति वीकेंड जॉन अब्राहम के लिए फायदेमंद रह सकता है। इससे पहले, उनकी फिल्म अटैक भी 2022 के 26 जनवरी वीकेंड पर रिलीज़ होने वाली थी लेकिन कोरोना कोल में वो फिल्म पोस्टपोन हो गई। वहीं जॉन अब्राहम अपनी कुछ फिल्में 15 अगस्त वीकेंड पर रिलीज़ कर चुके हैं जिसका साफ असर उनकी बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट पर भी पड़ चुका है। बात करें तेहरान की तो ये सच्ची घटनाओं पर आधारित एक फिल्म है जिसमें एक्शन और देशभक्ति का पूरा डोज़ मिलेगा।

हाल ही में मिली है मात
गौरतलब है कि जॉन अब्राहम को हाल ही में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से विफलता हाथ लगी है उनकी फिल्म अटैक पार्ट 1 के साथ। इतनी बुरी तरह से फ्लॉप होने के बाद फिल्म का दूसरा पार्ट बन पाना काफी मुश्किल लग रहा है। हालांकि, ये फिल्म एक तरह का एक्सपेरिमेंट था और फिल्म का ट्रेलर लोगों को काफी पसंद आया था और सबने फिल्म को सपोर्ट भी किया था कि इस तरह की एक्शन फिल्में बनना भारत में काफी ज़रूरी है। लेकिन दर्शकों ने सिनेमाघरों में फिल्म का साथ नहीं दिया।

विलेन बनने की तैयारी
अब जॉन अब्राहम विलेन बनने की तैयारी कर रहे हैं मोहित सूरी की फिल्म एक विलेन रिटर्न्स के साथ। एक विलेन रिटर्न्स 29 जुलाई को रिलीज़ हो रही है और फिल्म में जॉन अब्राहम, अर्जुन कपूर, दिशा पाटनी और तारा सुतारिया में से विलेन कौन है, फिलहाल इसका अंदाज़ा लगा पाना मुश्किल है। फिल्म के ट्रेलर ने दर्शकों को और उलझा दिया है। वैसे भी जॉन अब्राहम ने पहले धूम में विलेन की भूमिका बखूबी निभाई है।

विलेन बनने की बड़ी तैयारी
हालांकि, एक विलेन रिटर्न्स के साथ विलेन बनाना जॉन अब्राहम के विलेन अवतार की एक छोटी सी झलक ही होगी क्योंकि भव्य स्तर पर विलेन के तौर पर जॉन अब्राहम की वापसी होगी शाहरूख खान के साथ टक्कर लेते हुए सिद्धार्थ आनंद की फिल्म पठान में। दिलचस्प है कि विलेन के तौर पर जॉन अब्राहम की पहली फिल्म थी धूम और उसे भी यशराज फिल्म्स ने ही प्रोड्यूस किया था। सालों बाद पठान के साथ जॉन अब्राहम विलेन के तौर पर यशराज फिल्म्स के साथ वापसी करेंगे।

चढ़ चुका है देशभक्ति का फ्लेवर
इसी के साथ जॉन अब्राहम, तेहरान के साथ अपने देशभक्ति फ्लेवर का भी रंग दिखाएंगे। जॉन अब्राहम ने अपने देशभक्ति अवतार की शुरूआत की थी मद्रास कैफे के साथ और उनके नए अंदाज़ को काफी पसंद किया गया। इसके बाद जॉन अब्राहम ने ये लीक नहीं छोड़ी और इस तरह की फिल्मों में खुद को रमा दिया जिसमें परमाणु और रोमियो अकबर वॉल्टर जैसी फिल्में शामिल थीं। हालांकि, इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर ज़्यादा कमाई नहीं की।

हिट हुआ देशभक्ति रंग
लेकिन जॉन अब्राहम का देशभक्ति रंग बॉक्स ऑफिस पर भी सर चढ़कर बोला सत्यमेव जयते के साथ। मिलाप झावेरी की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार की गोल्ड को टक्कर दी। दोनों ही फिल्में 2018 के 15 अगस्त वीकेंड पर रिलीज़ हुईं और दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की। बजट के लिहाज़ से जॉन अब्राहम की फिल्म हिट साबित हुई भले ही इसने 100 करोड़ का आंकड़ा नहीं छुआ और बस बॉर्डर पर पहुंच कर रूक गई। इसके बाद साल 2019 में जॉन अब्राहम की बाटला हाउस ने अक्षय कुमार की मिशन मंगल को टक्कर दी लेकिन बाटला हाउस भी सफल रही।

सीक्वल से मिला धोखा
2021 में जॉन अब्राहम, अपना देशभक्ति फ्लेवर लेकर लौटे मिलाप झावेरी की फिल्म सत्यमेव जयते 2 के साथ। हालांकि, ये फिल्म अपना जादू नहीं चला पाई। अब जॉन अब्राहम, तेहरान के साथ एक बार फिर एक्शन और देशभक्ति के सहारे, दर्शकों का दिल जीतने लौट रहे हैं। इस बार एक सच्ची कहानी पर आधारित फिल्म के साथ। ठीक बाटला हाउस की तरह। उम्मीद है कि उनकी ये कोशिश, दर्शकों को पसंद आएगी।


Click it and Unblock the Notifications











